मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई के पूर्व उप महापौर बाबू भाई भवानजी के नेतृत्व में गत दिवस दादर स्टेशन के पास नशाखोरी के खिलाफ एक प्रदर्शन का आयोजन किया गया जिसमें सरकार से अनुरोध किया गया कि सरकार सभी प्रकार के नशीले पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाए और नशे की कारोबार में लगे लोगों के खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई करे।


बता दें कि हाल ही में मुंबई के NSCI वर्ली डोम में एक लाइव म्यूजिक इवेंट के दौरान एक शख्स की मौत हो गई. मृतक युवक की पहचान 28 साल के वृषभ महेंद्र गंगुर्डे के तौर पर हुई है, जो माहिम इलाके में रहता था और अपने दोस्तों के साथ इवेंट में आया था। जानकारी के मुताबिक वृषभ ने अपने दोस्तों के साथ बहुत ज्यादा शराब पी थी। इवेंट के दौरान भीड़ में वृषभ और उसकी एक दोस्त की तबीयत खराब हो गई। इसके बाद, दोनों को पास के हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था. पुलिस ने बताया कि वृषभ की मौत हो गई, जबकि वृषभ के साथ मौजूद उसकी दोस्त की हालत स्थिर है। घटना रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है, जब युवक की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी।


सूत्रों के मुताबिक लड़का डांस करते-करते अचानक गिर गया और उसे तुरंत हॉस्पिटल ले जाया गया था।प्रारंभिक जांच में सूत्रों ने बताया कि युवक ने बड़ी मात्रा में शराब का सेवन किया था और वह नशे की हालत में था. युवक के साथ एक युवती भी मौजूद थी, जिसने भी कथित तौर पर शराब का सेवन किया था. दोनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई, जबकि युवती की हालत स्थिर बताई जा रही है.प्रदर्शन के दौरान भवानजी ने कहा कि नशे की लत से युवा पीढ़ी बर्बाद हो रही है। हर कालेज के पास आज नशे के पदार्थ बिक रहे हैं और ऐसे संगीत कार्यक्रमों में लोग खुलेआम नशीले पदार्थो का इस्तेमाल करते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को ऐसे कार्यक्रमों की इजाजत नहीं देनी चाहिए।
अभी कुछ दिनों में रेसकोर्स के पास संगीत फेस्टिवल होने जा रहा है सरकार को उस पर रोक लगानी चाहिए।उन्होंने कहा कि जल्द ही मुंबई में एक विशाल नशा विरोधी रैली का आयोजन किया जाएगा जिसमें नेताजी सुभाष चंद्र बोस के पौत्र श्री चंद्र कुमार बोस जी भी भाग लेंगे। भवानजी ने मुंबई के सभी नागरिकों का आवाहन किया है कि वे नशा विरोधी कार्यक्रम का हिस्सा बनें और युवा पीढ़ी को बर्बाद होने से बचाएं।


