मुंबई वार्ता संवाददाता

वरिष्ठ भाजपा नेता और मुंबई के पूर्व उप महापौर और फ्लोरा फाउंडेशन के मैनेजिंग ट्रस्टी बाबू भाई भवानजी मुंबई के लोकल ट्रेन के यात्रियों और नागरिकों से संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया है ताकि उनकी समस्याओं को समझकर उन्हें रेल मंत्री के समक्ष उठाया जा सके और मुंबई के लोकल ट्रेन के यात्रियों को कुछ राहत दिलाई जा सके।
भवानजी ने बताया कि मुंबई रीजन में लोकल ट्रेन सेवा लाखों लोगों की दिनचर्या का हिस्सा है और लाखों यात्री इससे यात्रा करते हैं। इन ट्रेनों में भीड़ के कारण यात्रियों को चढ़ने और उतरने में अत्यधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, जिससे न केवल यात्री असुविधा महसूस करते हैं, बल्कि दुर्घटनाओं की संभावना भी बढ़ जाती है। इन मुद्दों पर अनेक नागरिकों और लोकल ट्रेन के यात्रियों ने कई बार उनका ध्यान आकृष्ट किया और स्वयं इस मुद्दे पर निरीक्षण और उचित कार्रवाई का अनुरोध उनसे किया था.
उन्होंने कहा कि नागरिकों के इस अनुरोध पर मैंने और हमारे फाउंडेशन के सदस्यों ने कई बार अनेक स्टेशनों का निरीक्षण किया और लोकल ट्रेन में यात्रियों के साथ यात्रा करके उनसे बातचीत की है और उनकी समस्याओं को जानने की कोशिश की है।
उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर व्यापक विचार विमर्श के बाद मुंबई के लोकल ट्रेन के यात्रियों की सुविधा के लिए एक सुझाव पत्र तैयार किया गया है जिसे रेल मंत्री से मिलकर उन्हें दिया जाएगा। इसके साथ ही साथ हम यात्रियों और नागरिकों से इस मुद्दे पर और सुझाव आमंत्रित करते हैं ताकि जनता से मिले अन्य महत्वपूर्ण सुझावों को रेल मंत्री के समक्ष रखा जा सके। इसलिए मुंबई के नागरिकों और लोकल ट्रेन के यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि वे लोकल ट्रेन से जुड़ी समस्या पर अपने सुझाव उन्हें वॉट्सएप नंबर 7977906143 पर भेज सकते हैं।
उन्होंने बताया कि इस बारे में रेल मंत्री को भी एक पत्र भेजकर उनसे अनुरोध किया गया है कि वे इस मुद्दे पर बात करने के लिए शिष्ट मंडल को समय दें ताकि जरुरी सुझावों को उन तक पहुंचाया जा सके और मुंबई के रेल यात्रियों को कुछ राहत मिल सके।


