श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ कुंडा में मानिकपुर में शनिवार सुबह पुलिस और नॉरकोटिक्स की टीम ने एक गैंगस्टर के घर छापेमारी की। बोरियों में नोट के साथ ही नशीला पदार्थ मिला। स्थिति यह हुई की कई बोरियों, बाक्स में भरे नोटों की गिनती के लिए मशीन मंगानी पड़ी। मशीन से देर रात तक नोटों की गिनती चलती रही।


मानिकपुर नगर पंचायत के मुंदीपुर मोहल्ला निवासी राजेश मिश्र के घर शनिवार सुबह करीब आठ बजे पुलिस के साथ नॉरकोटिक्स विभाग की टीम पहुंची। उस पर गांजा की तस्करी करने का आरोप है। घर को चारों ओर से घेरकर तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान नशीले पदार्थ के साथ ही बोरियों, आलमारी, बाक्स में भारी मात्रा में रखी नकदी बरामद हुई। बोरियों में भरे मुड़े नोट गिनने में पुलिस टीम के पसीने छूट गए। बाद में अफसरों ने कालाकांकर से नोट गिनने वाली मशीन मंगाई।


पुलिस टीम ने नोटों की गड्डियां बनाकर गिनती शुरू की लेकिन देर रात तक गिनती पूरी नहीं हो सकी। तलाशी के दौरान पुलिस को कई महत्वपूर्ण अभिलेख और मोबाइल भी मिले हैं। अभिलेखों के जरिए पुलिस लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड और उसके दूसरे लोगों के साथ संपर्क की कड़ी जोड़ने का प्रयास कर रही है। देर रात तक पुलिस उसके घर मौजूद रही और नोटों की गिनती कराई जाती रही।


अपर पुलिस अधीक्षक वृजनंदन राय ने बताया कि 10, 20, 50, 100 की नोट मुड़ी होने से गिनती में समय लग रहा है। नोटों को सही तरीके से लगाने के बाद ही मशीन में गिनती हो पा रही है।इनका कहना हैएसपी दीपक भूकर ने बताया कि गैंगस्टर के घर नॉरकोटिक्स विभाग के साथ छापेमारी में नोट और नशीला पदार्थ मिला है। नोट छोटे हैं, उनकी गिनती की जा रही है। मादक पदार्थ की तस्करी से ही यह रुपये आए हैं। नोटों की गिनती पूरी होने के बाद वहां से बरामद मादक पदार्थ के मामले में कार्रवाई की जाएगी।


