■ उदयपुर के व्यापारी से 30 करोड़ की धोखाधड़ी का आरोप
श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

राजस्थान पुलिस ने रविवार को मशहूर फिल्ममेकर विक्रम भट्ट को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है। उस पर उदयपुर के एक व्यापारी और इंडियन इंदिरा ग्रुप ऑफ कंपनीज़ के मालिक डॉ. अजय मुर्डिया से 30 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने का गंभीर आरोप है।


पुलिस टीम ने मुंबई के यारी रोड स्थित उसकी साली के घर, गंगा भवन अपार्टमेंट से विक्रम भट्ट को पकड़ा है। अब पुलिस उन्हें उदयपुर ले जाने के लिए बांद्रा कोर्ट में ट्रांज़िट रिमांड की अर्जी दाखिल करेगी।


■ आरोप क्या हैं?
डॉ. मुर्डिया ने 17 नवंबर को विक्रम भट्ट समेत कुल 8 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। आरोप है कि एक इवेंट के दौरान उनकी मुलाकात दिनेश कटारिया से हुई, जिसने डॉक्टर की पत्नी की बायोपिक फिल्म बनाने का प्रस्ताव रखा। दावा किया गया कि फिल्म के जरिए पूरे देश को उनकी पत्नी के योगदान के बारे में बताया जाएगा। इसी सिलसिले में डॉक्टर को 24 अप्रैल 2024 को मुंबई के वृंदावन स्टूडियो बुलाया गया। लेकिन बाद में पता चला कि पूरा मामला धोखाधड़ी का था और इसके नाम पर करोड़ों रुपए वसूले जा चुके थे।
■ लुकआउट नोटिस भी जारी था.
उदयपुर पुलिस ने 29 नवंबर को विक्रम भट्ट, उनकी पत्नी श्वेतांबरी भट्ट सहित कुल 6 आरोपियों के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया था। सभी को 8 दिसंबर तक उदयपुर पुलिस के सामने पेश होने का नोटिस भी भेजा गया था। साथ ही इन आरोपियों के विदेश जाने पर भी रोक लगा दी गई थी।



Chitter