■ पूर्व डिप्टी मेयर बाबूभाई भवानजी समेत पदाधिकारियों को बच्चियों ने बांधी राखी, बच्चों ने सुरक्षा और सहयोग का लिया संकल्प
मुंबई वार्ता संवाददाता

रक्षाबंधन के पावन पर्व पर सामाजिक संस्था फ्लोरा फाउंडेशन की ओर से अनाथ एवं जरूरतमंद बच्चों के साथ रक्षाबंधन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों के बीच स्नेह, भाईचारे, अपनत्व और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।


कार्यक्रम में मुंबई के पूर्व डिप्टी मेयर, शिवसेना के वरिष्ठ नेता एवं फ्लोरा फाउंडेशन के मैनेजिंग ट्रस्टी बाबूभाई भवानजी, संस्था के अध्यक्ष अरुण सबनीस तथा समाजसेवक धीरज छेड़ा (एकलवीर) प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर बच्चियों ने उन्हें राखी बांधी।


वहीं, सड़क पर रहने वाले अनाथ एवं जरूरतमंद बच्चों ने भी बच्चियों को राखी बांधकर उनकी सुरक्षा, सम्मान और हरसंभव सहयोग के लिए हमेशा साथ खड़े रहने का संकल्प लिया।
फ्लोरा फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज के वंचित एवं अनाथ बच्चों के बीच अपनत्व, सुरक्षा और भाई-बहन के पवित्र रिश्ते की भावना को मजबूत करना था।
रक्षाबंधन के इस विशेष आयोजन ने बच्चों के बीच खुशी और आत्मीयता का माहौल बनाया। कार्यक्रम के जरिए यह संदेश भी दिया गया कि समाज के जरूरतमंद और वंचित बच्चों को केवल सहायता ही नहीं, बल्कि सम्मान, स्नेह और परिवार जैसा अपनापन भी मिलना चाहिए।


