मुंबई वार्ता संवाददाता

बृहन्मुंबई पुलिस की अंमली पदार्थ विरोधी कक्ष (एंटी नारकोटिक्स सेल), बांद्रा यूनिट ने अवैध रूप से मादक पदार्थ बेचने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 204 LSD डॉट्स पेपर बरामद किए हैं, जिनका कुल वजन 3.91 ग्राम और अनुमानित कीमत 6.12 लाख रुपये बताई गई है।


पुलिस के अनुसार, 28 अगस्त 2026 को बांद्रा यूनिट की पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान खान वजीर चौक, महावीर ज्वेलर्स के सामने, जी.डी. आंबेडकर मार्ग, पटेल भोईवाड़ा, मुंबई-400092 स्थित सार्वजनिक स्थान पर LSD डॉट्स पेपर की अवैध बिक्री करने की जानकारी मिली। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके से दो संदिग्धों को हिरासत में लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नितेश अनिल कांबले (34), निवासी पटेल भोईवाड़ा, मुंबई और शुभम जनार्दन लोखंडे (29), निवासी पनवेल, नवी मुंबई के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से कुल 204 LSD डॉट्स पेपर, जिनका कुल वजन 3.91 ग्राम है, बरामद किए। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 6,12,000 रुपये बताई गई है।
इस मामले में आरोपियों के खिलाफ NDPS Act की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी LSD कहां से लाते थे और इसे मुंबई में किन लोगों को बेचने की योजना थी।
यह कार्रवाई मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती, पुलिस सह आयुक्त (अपराध) अनिल कुंभारे, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) कृष्णकांत उपाध्याय, पुलिस उपायुक्त पौर्णिमा चौगुले तथा संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई। बांद्रा यूनिट की टीम ने प्रभारी पुलिस निरीक्षक विशाल चंदनशिवे के नेतृत्व में यह कार्रवाई की।


