श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

मुंबई की महापौर रितू तावडे और भारतीय जनता पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने सोमवार को बृहन्मुंबई महानगरपालिका आयुक्त अश्विनी भिडे को पत्र लिखकर शहरभर की हाउसिंग कॉम्प्लेक्स, सहकारी गृहनिर्माण सोसायटी और चॉलों में बकरीद के दौरान पशु कुर्बानी की अनुमति नहीं देने की मांग की है।


बीजेपी नेताओं ने अपने पत्र में कहा कि आवासीय परिसरों के भीतर पशु कुर्बानी से स्वच्छता, सार्वजनिक स्वास्थ्य और कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दे उत्पन्न हो सकते हैं। उन्होंने महानगरपालिका प्रशासन से अपील की कि कुर्बानी केवल अधिकृत और निर्धारित स्थानों पर ही की जाए।
पत्र में यह भी कहा गया कि घनी आबादी वाले इलाकों और रिहायशी परिसरों में इस प्रकार की गतिविधियों से स्थानीय नागरिकों को परेशानी हो सकती है। इसलिए बीएमसी को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी कर ऐसे परिसरों में पशु बलि पर रोक लगानी चाहिए।
बीजेपी नेताओं ने मांग की कि महानगरपालिका स्वास्थ्य विभाग, पुलिस और संबंधित प्रशासनिक एजेंसियों के साथ समन्वय कर नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करे, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से मनाया जा सके।
फिलहाल बृहन्मुंबई महानगरपालिका की ओर से इस पत्र पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।


