मुंबई वार्ता संवाददाता

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के नेता और दिवंगत बाबा सिद्दीकी के बेटे जीशान सिद्दीकी को एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिली है। मुंबई पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह धमकी बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के फरार आरोपी जीशान अख्तर की ओर से दी गई प्रतीत होती है। हालांकि पुलिस अभी ऑडियो क्लिप की सत्यता और उसमें सुनाई दे रही आवाज की जांच कर रही है।


पुलिस के मुताबिक, गुरुवार को एक ऑडियो क्लिप उत्तर भारत के कुछ मीडिया समूहों में प्रसारित हुई, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई। वायरल क्लिप में कथित तौर पर एक व्यक्ति खुद को जीशान अख्तर बताते हुए कहता है, “तुम्हारे पिता को मैंने ही मारा था और अब तुम्हारी बारी है। तुम मेरे हर काम में बीच में आ रहे हो। क्राइम ब्रांच के पास भाग जाओ। मैंने तुम्हारे नाम का डेथ वारंट जारी कर दिया है। पिछली बार बच गए थे, इस बार बचना मुश्किल होगा।”
पश्चिम क्षेत्र के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि जीशान सिद्दीकी के परिवार के एक सदस्य ने इस ऑडियो क्लिप की जानकारी पुलिस को दी है। पुलिस इस मामले में गैर-संज्ञेय (एनसी) शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया में है। घटना के समय जीशान सिद्दीकी मुंबई में मौजूद नहीं थे।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि ऑडियो क्लिप की प्रामाणिकता की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्लिप में सुनाई दे रही आवाज वास्तव में फरार आरोपी जीशान अख्तर की है या नहीं। पुलिस का मानना है कि जीशान अख्तर फिलहाल भारत से बाहर छिपा हुआ है।
गौरतलब है कि जीशान सिद्दीकी को इससे पहले भी कई बार जान से मारने की धमकियां मिल चुकी हैं।
उल्लेखनीय है कि 12 अक्टूबर 2024 को एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की मुंबई के बांद्रा (पूर्व) स्थित उनके बेटे के कार्यालय के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मुंबई पुलिस की जांच के अनुसार, इस हत्या की साजिश लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने रची थी। गिरोह के सरगना लॉरेंस बिश्नोई के छोटे भाई अनमोल बिश्नोई ने विदेश से इस वारदात के निर्देश दिए थे। बाद में अनमोल बिश्नोई को भारत लाया गया और वह फिलहाल दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद है।


