भारतीय गेंदबाजी के तूफान में उड़ गया पाकिस्तान

Date:

■ पाकिस्तान को चटाई धूल

श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

श्रीलंका के कोलंबो में खेले गए टी-ट्वेंटी विश्व कप मुकाबले में भारतीय गेंदबाज़ी के प्रचंड तूफान के सामने पाकिस्तान क्रिकेट टीम सूखे पत्तों की तरह बिखर गई। सधी हुई बल्लेबाज़ी और फिर धारदार गेंदबाज़ी के दम पर भारतीय क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान को करारी शिकस्त देकर मैच पर पूरी तरह अपना दबदबा कायम किया।

■ टॉस के बाद बदला मैच का रुख, भारतीय टीम ने रचा इतिहास

टॉस जीतकर पाकिस्तान ने पहले गेंदबाज़ी का निर्णय लिया और भारत को बल्लेबाज़ी का न्योता दिया। यह फैसला उस पिच को ध्यान में रखकर लिया गया था, जिस पर अब तक कोई भी टीम 160 रन का आंकड़ा पार नहीं कर सकी थी। गेंदबाज़ों के लिए अनुकूल मानी जा रही इस पिच पर रन बनाना आसान नहीं था।इसके बावजूद भारतीय बल्लेबाज़ों ने सभी आशंकाओं को गलत साबित कर दिया। शुरुआती ओवरों से ही आक्रामक खेल दिखाते हुए उन्होंने पाकिस्तानी गेंदबाज़ों पर दबाव बनाया।

सलामी बल्लेबाज़ों ने तेज़ शुरुआत दी, जबकि मध्यक्रम ने जिम्मेदारी के साथ रन गति को बनाए रखा।निर्धारित 20 ओवरों में भारतीय टीम ने 7 विकेट के नुकसान पर 175 रन बनाए। यह इस पिच पर अब तक का सर्वोच्च स्कोर रहा। इस पारी में कई आकर्षक चौके-छक्के लगे, जिससे दर्शकों का उत्साह चरम पर पहुँच गया। भारत ने पाकिस्तान के सामने 176 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा।

■ लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की लड़खड़ाती पारी

दूसरी पारी की शुरुआत से ही पाकिस्तान पर दबाव साफ दिखाई दिया। चौथी ही गेंद पर बिना खाता खोले पहला विकेट गिर गया और पहला ओवर मेडन रहा।दूसरे ओवर में जसप्रीत बुमराह की पहली गेंद पर छक्का जरूर लगा, लेकिन अगली ही गेंद पर साइम अयूब पवेलियन लौट गए। इसी ओवर में सलमान अली आगा भी आउट हो गए और 13 रन तक पहुँचते-पहुँचते पाकिस्तान के तीन विकेट गिर चुके थे।चौथे ओवर में अक्षर पटेल ने गेंद संभाली। दो चौके देने के बाद चौथी गेंद पर उन्होंने बाबर आज़म को चलता किया। इसके बाद दसवें ओवर की चौथी गेंद पर टिककर खेल रहे उस्मान को भी अक्षर पटेल ने स्टंप आउट कराकर पवेलियन भेज दिया।ग्यारहवें ओवर की चौथी गेंद पर कुलदीप यादव ने मोहम्मद नवाज़ को आउट कर पाकिस्तान का छठा विकेट गिराया। बारहवें ओवर की पहली गेंद पर सातवाँ विकेट गिर गया। पंद्रहवें ओवर की तीसरी और चौथी गेंद पर क्रमशः आठवाँ और नौवाँ विकेट भी गिर गया, जिससे पाकिस्तान ने जीत की सारी उम्मीदें खो दीं।

■ 61 रनों से भारत की शानदार जीत

पूरे मैच में भारतीय टीम से तीन कैच जरूर छूटे, जो किसी भी मैच में चिंता का विषय हो सकता है, लेकिन इसका परिणाम पर कोई खास असर नहीं पड़ा।सत्रहवें ओवर की अंतिम गेंद पर पाकिस्तान की पूरी टीम 114 रन पर सिमट गई। इस तरह भारत ने यह मुकाबला 61 रनों से जीतकर टी-ट्वेंटी विश्व कप में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

प्रमुख खबरे

More like this
Related

पवई में बीएमसी की बड़ी कार्रवाई, फुकट नगर और मिलिंद नगर के 250 अवैध निर्माण ध्वस्त।

मुंबई वार्ता संवाददाता बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने पवई...

पेट्रोल-डीजल और सीएनजी की बढ़ती कीमतों के खिलाफ 1-2 जून को मुंबई कांग्रेस का आंदोलन।

मुंबई वार्ता संवाददाता पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की...

घाटकोपर की मराठी स्कूल बचाने के लिए हजारों लोगों का प्रदर्शन, निजीकरण के खिलाफ फूटा जनआक्रोश।

मुंबई वार्ता संवाददाता घाटकोपर (पूर्व) के पंतनगर क्षेत्र...