मुंबई वार्ता संवाददाता

कांदिवली पुलिस ने मंदिर की दानपेटी तोड़कर नकदी चोरी करने के मामले में 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अरमान शेख के रूप में हुई है। उसकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दो अन्य चोरी के मामलों का भी खुलासा किया है, जिनमें अंधेरी के एक वाइन शॉप और बोरीवली के एक मंदिर में हुई चोरी शामिल है।


पुलिस के अनुसार, कांदिवली पश्चिम स्थित एक गणेश मंदिर में 13 और 14 मई की दरमियानी रात चोरी की वारदात हुई थी। मंदिर प्रशासन को सुबह पता चला कि दानपेटी तोड़ दी गई है और उसमें रखे करीब 60 हजार रुपये चोरी हो गए हैं। इसके बाद कांदिवली पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दो संदिग्ध चोरी करते दिखाई दिए। जांच में पता चला कि दोनों आरोपी नायगांव से ट्रेन के जरिए कांदिवली पहुंचे थे। तकनीकी और स्थानीय जांच के आधार पर पुलिस ने अरमान शेख को एकता नगर खाड़ी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी की संलिप्तता अंधेरी के एक वाइन शॉप और बोरीवली के एक मंदिर में हुई चोरी की घटनाओं में भी सामने आई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मालवणी के राठोडी गांव का निवासी है।
जांच में यह भी पता चला कि आरोपी के खिलाफ पहले से चार आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें मंदिरों में चोरी, मोटरसाइकिल चोरी और बाल यौन शोषण से संबंधित एक मामला भी शामिल है।
यह कार्रवाई Sandip Ghuge के मार्गदर्शन और वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक Karan Sonkavde के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने की। पुलिस फरार दूसरे आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।


