श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

मुंबई की महापौर श्रीमती ऋतु तावड़े ने 18 अप्रैल 2026 को अपना जन्मदिन औपचारिकता से हटकर मानवीय संवेदना के साथ मनाया। इस अवसर पर उन्होंने मानखुर्द स्थित ‘चिल्ड्रेंस एड सोसायटी’ द्वारा संचालित बाल कल्याण नगरी और चेंबूर चिल्ड्रन्स होम में अनाथ बच्चों के साथ समय बिताया।


महापौर ने बच्चों के साथ स्नेहपूर्वक संवाद किया, उन्हें भोजन कराया और स्कूल बैग सहित शैक्षणिक सामग्री वितरित की। उन्होंने बच्चों को शिक्षा के महत्व के बारे में बताते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद शिक्षा के माध्यम से अपने सपनों को साकार किया जा सकता है।


उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि सरकार और महानगरपालिका हमेशा उनके साथ खड़ी है और हर बच्चे को सक्षम, आत्मनिर्भर और जिम्मेदार नागरिक बनने का अवसर मिलना चाहिए।
इस दौरान महापौर ने विशेष रूप से बालिकाओं से बातचीत कर उनकी भावनाओं और आकांक्षाओं को समझा तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उनकी इस पहल से बच्चों में खुशी, आत्मविश्वास और अपनापन देखने को मिला।
कार्यक्रम में चिल्ड्रेंस एड सोसायटी के अधिकारी, बाल कल्याण नगरी और चेंबूर चिल्ड्रन्स होम के प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे। यह कार्यक्रम भावनात्मक और प्रेरणादायी माहौल में संपन्न हुआ, जिसमें सामाजिक जिम्मेदारी और मानवता की मिसाल देखने को मिली।


