मुंबई वार्ता संवाददाता

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के दुखद निधन के बाद मुंबई विश्वविद्यालय ने 28 जनवरी को होने वाली सभी परीक्षाएं स्थगित करने का निर्णय लिया है। अजित पवार की बुधवार तड़के महाराष्ट्र के बारामती हवाई अड्डे पर एक निजी जेट के दुर्घटनाग्रस्त होने से मृत्यु हो गई। इस हादसे में उनके साथ चार अन्य लोगों की भी जान चली गई।


मुंबई विश्वविद्यालय ने 28 जनवरी को जारी एक आधिकारिक अधिसूचना में बताया कि वाणिज्य एवं प्रबंधन, कला एवं शिक्षा संकाय से संबद्ध कॉलेजों के प्राचार्यों तथा सेंटर फॉर डिस्टेंस एंड ऑनलाइन एजुकेशन (CDOE) के निदेशक को सूचित किया जाता है कि आज दोपहर आयोजित होने वाली 28/01/2026 की सभी परीक्षाएं महाराष्ट्र सरकार के माननीय उपमुख्यमंत्री अजित अशाताई अनंतराo पवार के निधन के कारण स्थगित की जाती हैं।


विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, इन स्थगित परीक्षाओं की नई तिथियों की घोषणा जल्द की जाएगी। इससे पहले भी मुंबई विश्वविद्यालय ने जिला परिषद चुनावों के कारण शीतकालीन 2025 की परीक्षाओं की तिथियों में बदलाव किया था।
संशोधित कार्यक्रम के तहत—
- 14 जनवरी 2026 को होने वाली परीक्षाएं अब 17 फरवरी 2026 को आयोजित की जाएंगी।
- 15 जनवरी 2026 को प्रस्तावित परीक्षाओं को भी आगे की तारीख के लिए पुनर्निर्धारित किया गया है।
- 7 फरवरी 2026 को होने वाली परीक्षाएं अब 21 फरवरी 2026 को आयोजित की जाएंगी।
विश्वविद्यालय ने छात्रों से अपील की है कि वे परीक्षा से संबंधित नवीनतम अपडेट के लिए आधिकारिक वेबसाइट और कॉलेज प्रशासन के संपर्क में बने रहें।


