■ मुंबई वार्ता संवाददाता

बांद्रा पुलिस ने महिलाओं के गले से सोने की चेन झपटने वाले शातिर आरोपियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान के भीलवाड़ा से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से करीब 6.76 लाख रुपये कीमत की कुल 7 सोने की चेन बरामद की हैं। इस कार्रवाई से मुंबई में सोने की चेन की झपटमारी के कुल 6 मामलों का खुलासा हुआ है।


पुलिस के मुताबिक, 15 नवंबर 2026 को रात करीब 7:40 बजे बांद्रा पश्चिम स्थित सेंट सेबेस्टियन रोड पर ओलार बिल्डिंग के पास यूनियन बैंक के नजदीक शिकायतकर्ता पल्लवी अरविंद वाघेला (48) अपने पति के साथ पैदल जा रही थीं। इसी दौरान दो अज्ञात महिलाओं ने उन्हें धक्का देकर उनके गले से करीब 6 ग्राम वजन की सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गईं।इस मामले में शिकायत मिलने के बाद बांद्रा पुलिस ने 16 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं 304(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने अपराध की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी जांच शुरू की। जांच में पता चला कि दोनों आरोपी राजस्थान के भीलवाड़ा के रहने वाले हैं।


पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि दोनों आरोपी आपस में मिले हुए थे और चेन झपटमारी की वारदातों को अंजाम देने के लिए राजस्थान के भीलवाड़ा से ट्रेन के जरिए मुंबई आते थे। मुंबई पहुंचने के बाद वे शिवाजी पार्क पुलिस थाना क्षेत्र से मोटरसाइकिल चोरी करते थे और उसी मोटरसाइकिल का इस्तेमाल कर बांद्रा, विलेपार्ले और अंधेरी सहित मुंबई के अलग-अलग इलाकों में चेन झपटमारी की वारदातों को अंजाम देते थे। वारदातों के बाद वे चोरी की मोटरसाइकिल और लूटी गई चेन के साथ वापस राजस्थान लौट जाते थे।
आरोपियों की तलाश में बांद्रा पुलिस की अपराध प्रकटीकरण टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों का एक दल 17 नवंबर 2026 को राजस्थान के भीलवाड़ा रवाना हुआ। वहां तलाश के दौरान एक आरोपी को हिरासत में लिया गया। उसे भीलवाड़ा के मुख्य सत्र न्यायाधीश के समक्ष पेश कर ट्रांजिट रिमांड हासिल किया गया।आगे की जांच में गिरफ्तार आरोपी के एक अन्य साथी की पहचान हुई। पुलिस ने उसे भी भीलवाड़ा से हिरासत में लिया। जांच में पता चला कि उसका साथी एक विधि संघर्षग्रस्त बालक (कानून से संघर्षरत नाबालिग) है। उसे भी भीलवाड़ा बाल न्यायालय मंडल, पालड़ी के समक्ष पेश किया गया, जहां से ट्रांजिट रिमांड मंजूर किया गया।इसके बाद दोनों आरोपियों और विधि संघर्षग्रस्त बालक को मुंबई लाया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पुलिस हिरासत प्राप्त करने के लिए उन्हें अदालत में पेश किया गया, जबकि नाबालिग को डोंगरी स्थित बाल न्यायालय में पेश किया गया। अदालत के आदेश के बाद उसे डोंगरी स्थित सुरक्षित बाल सुधार गृह में भेज दिया गया।पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ के दौरान उनके कब्जे से कुल 7 सोने की चेन बरामद की हैं। इनका कुल वजन 61 ग्राम 790 मिलीग्राम है और अनुमानित कीमत 6 लाख 76 हजार 520 रुपये बताई गई है।
■ मुंबई के चार पुलिस थानों के 6 मामले सुलझे
पुलिस के अनुसार, बरामद सोने की चेन के आधार पर बांद्रा पुलिस स्टेशन के 1, विलेपार्ले पुलिस स्टेशन के 3, अंधेरी पुलिस स्टेशन के 1 और शिवाजी पार्क पुलिस स्टेशन के 1 मामले का खुलासा हुआ है। इस तरह कुल 6 मामलों को सुलझाया गया है।इसके अलावा गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ मुंबई और राजस्थान में चेन झपटमारी, चोरी, हत्या के प्रयास, मारपीट और अन्य अपराधों सहित कुल 9 मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
■ वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई पश्चिम क्षेत्र के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अभिनव देशमुख, पुलिस उपायुक्त डॉ. मोहित कुमार गर्ग, पुलिस उपायुक्त दत्ता नलावडे(अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे), अधीकराव पोठ और बांद्रा विभाग के सहायक पुलिस आयुक्त के मार्गदर्शन में की गई।
बांद्रा पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक रविंद्र सालुंखे, पुलिस निरीक्षक अजय लिंगनूरकर तथा अपराध प्रकटीकरण टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। मामले की आगे की जांच वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में जारी है।


