मुंबई वार्ता संवाददाता

झारखंड और पंजाब में मायनिंग तथा ट्रांसपोर्ट का बड़ा कारोबार होने का दावा कर आकर्षक मुनाफे का लालच देकर तीन कारोबारियों से करीब 1 करोड़ 45 लाख 51 हजार रुपये की ठगी करने वाली महिला को नवी मुंबई पुलिस की एनआरआई पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिला की पहचान नीलम शर्मा (52) के रूप में हुई है। उसका पति हरिशंकर पांडे अभी फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।


पुलिस के अनुसार, सीबीडी बेलापुर के शिपिंग कारोबारी संजय राय की फरवरी 2025 में नीलम शर्मा और उसके पति हरिशंकर पांडे से पहचान हुई थी। दोनों ने देशभर में ट्रांसपोर्ट और शिपिंग का बड़ा कारोबार होने का दावा कर राय का विश्वास हासिल किया। इसके बाद मायनिंग और अन्य व्यावसायिक काम के लिए रकम लेने तथा कुछ ही दिनों में वापस करने का भरोसा दिलाया गया।


इस झांसे में आकर संजय राय ने अलग-अलग चरणों में आरोपियों को 46 लाख 87 हजार रुपये दिए। निर्धारित समय बीतने के बाद भी रकम वापस नहीं की गई। पैसे मांगने पर कथित तौर पर उन्हें टालमटोल के साथ धमकियां भी दी गईं। शिकायत में गाली-गलौज करने, झूठे मामले में फंसाने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपियों ने इसी तरीके से दो अन्य कारोबारियों को भी निशाना बनाया था। गणेश पाटील से 62 लाख 14 हजार रुपये और संतोष घरत से 36 लाख 50 हजार रुपये लिए जाने की जानकारी सामने आई। इस तरह तीनों कारोबारियों से कुल 1 करोड़ 45 लाख 51 हजार रुपये की रकम ली गई।
संजय राय की शिकायत के आधार पर एनआरआई पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के बाद पुलिस ने नीलम शर्मा को दिल्ली के गाजियाबाद से गिरफ्तार किया। शनिवार, 19 सितंबर को उसे नवी मुंबई लाकर अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे 23 सितंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अब फरार आरोपी हरिशंकर पांडे की तलाश के साथ ही ठगी की रकम और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।


