■ दिनेश राव और तन्वी राव ने श्रद्धालुओं से सपरिवार शामिल होने की अपील की
मुंबई वार्ता संवाददाता

मालाड पश्चिम के चिंचोलीबंदर स्थित जय दुर्गा परमेश्वरी मंदिर में नवरात्र के पावन अवसर पर 62वां नवरात्र उत्सव श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया जा रहा है। जय दुर्गा परमेश्वरी मंदिर ट्रस्ट की ओर से आयोजित इस उत्सव में मां दुर्गा परमेश्वरी के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठानों और भजन-पूजन के बीच भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।


ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं समाजसेवी दिनेश राव तथा गोरेगांव विधानसभा क्षेत्र की युवा नेतृत्वकर्ता तन्वी राव के नेतृत्व में आयोजित इस उत्सव के दौरान विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। श्रद्धालु मां की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलकामना के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।


ट्रस्ट के अध्यक्ष दिनेश राव ने बताया कि मंदिर में देवी की स्थापना और उत्सव की शुरुआत उनके पिता ने वर्ष 1964 में एक भजन मंडली के माध्यम से की थी। तब से यह धार्मिक परंपरा श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ी हुई है। वर्षों से आयोजित हो रहा यह उत्सव मालाड और आसपास के क्षेत्रों के भक्तों के लिए धार्मिक और सांस्कृतिक जुड़ाव का महत्वपूर्ण अवसर बन गया है।
■ 18 अक्टूबर को विशेष होम-हवन
नवरात्र उत्सव के अंतर्गत रविवार, 18 अक्टूबर 2026 को दोपहर 3 बजे मंदिर परिसर में विशेष होम-हवन का आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक अनुष्ठान में अधिक से अधिक श्रद्धालुओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए ट्रस्ट की ओर से आम लोगों को आमंत्रित किया गया है।दिनेश राव और तन्वी राव ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अपने परिवार और मित्रों के साथ मंदिर पहुंचकर मां दुर्गा परमेश्वरी के दर्शन करें तथा धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होकर तीर्थ-प्रसाद का लाभ लें।
नवरात्र के पावन दिनों में मंदिर में दर्शन के लिए पहुंच रहे श्रद्धालुओं के बीच उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिल रहा है। जय दुर्गा परमेश्वरी मंदिर का यह उत्सव क्षेत्र की धार्मिक परंपरा को आगे बढ़ाने के साथ-साथ लोगों को आस्था और सामूहिक सहभागिता के सूत्र में जोड़ रहा है।


