मुंबई वार्ता संवाददाता

छत्रपति संभाजीनगर में अक्टूबर 2025 में हुए चर्चित सुपारी किलिंग मामले के मुख्य साजिशकर्ता को आखिरकार पुलिस ने मुंबई के नागपाड़ा इलाके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी आसिफ उर्फ राइडर सैयद हनीब (33) पिछले कई महीनों से फरार था और अपनी पहचान बदलकर नागपाड़ा के छोटा सोनापुर इलाके में रह रहा था। छत्रपति संभाजीनगर क्राइम ब्रांच की टीम ने दो दिन तक वेश बदलकर निगरानी की और फिल्मी अंदाज में पीछा कर उसे दबोच लिया।


पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर 2025 को शाम करीब 5 बजे शाहबाजार स्थित सिटीजन हॉस्पिटल के सामने गली में समीर खान अपनी मोटरसाइकिल से जा रहे थे। आरोप है कि पुराने विवाद के चलते आसिफ उर्फ राइडर ने अपने साथियों शोएब काला, इसरार खान, नसीत इता और असलम चौस को समीर खान की हत्या की सुपारी दी थी। आरोपियों ने समीर खान को बीच सड़क पर घेरकर तलवार और अन्य धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
इस मामले में सिटी चौक पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया था। वारदात के बाद से मुख्य आरोपी आसिफ फरार चल रहा था और लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था।
क्राइम ब्रांच की तकनीकी जांच के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी मुंबई के नागपाड़ा स्थित छोटा सोनापुर इलाके में फर्जी पहचान के साथ रह रहा है। भीड़भाड़ वाले इलाके में उसे पकड़ना आसान नहीं था, इसलिए पुलिस उपनिरीक्षक प्रवीण पाथरकर के नेतृत्व में टीम ने वेश बदलकर दो दिनों तक इलाके में निगरानी की।
दो दिन बाद आरोपी नागपाड़ा पुलिस चौकी के पास मोटरसाइकिल से गुजरता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे घेरने की कोशिश की तो उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने उसका पीछा कर भीड़भाड़ वाले बाजार में उसे दबोच लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को छत्रपति संभाजीनगर लाया गया और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सिटी चौक पुलिस के हवाले कर दिया गया।


