मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई शहर और उपनगरों में शुक्रवार आधी रात से शुरू हुई मूसलाधार बारिश का असर शनिवार को जनजीवन पर साफ दिखाई दिया। कई निचले इलाकों में जलभराव हो गया, जबकि रेलवे ट्रैक पर पानी भरने और दृश्यता कम होने से मध्य एवं पश्चिम रेलवे की लोकल ट्रेन सेवाएं बुरी तरह प्रभावित रहीं।
शनिवार सुबह से लगातार हो रही तेज बारिश के कारण पश्चिम रेलवे के नालासोपारा और मध्य रेलवे के विक्रोली स्टेशन के पास रेलवे पटरियों पर पानी भर गया। इसके चलते दोनों मार्गों पर ट्रेनों की रफ्तार कम करनी पड़ी और लोकल सेवाएं धीमी गति से संचालित हुईं।


मध्य रेलवे के मुख्य मार्ग पर बारिश का सबसे अधिक असर देखने को मिला। दोपहर के समय विक्रोली के पास ट्रैक पर पानी जमा होने के बाद ट्रेनों पर गति प्रतिबंध लगाया गया। दोपहर करीब 2:30 बजे तक सीएसएमटी–कल्याण, कर्जत और खोपोली मार्ग की लोकल ट्रेनें देरी से चल रही थीं।
दादर और घाटकोपर के बीच कई लोकल ट्रेनें लंबे समय तक एक ही स्थान पर खड़ी रहीं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। महिलाओं, बुजुर्गों और गंभीर बीमारियों से पीड़ित यात्रियों को भीड़भाड़ के कारण काफी दिक्कतें झेलनी पड़ीं। सामान्यतः कुछ मिनट का सफर तय करने में 15 से 20 मिनट लग गए। ठाणे, डोंबिवली और कल्याण स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
हार्बर लाइन पर सीएसएमटी–पनवेल, ठाणे–वाशी–पनवेल तथा नेरुल–उरण मार्ग की लोकल सेवाएं भी कुछ मिनट की देरी से संचालित हुईं।
बारिश का असर मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों पर भी पड़ा। मध्य और पश्चिम रेलवे की कई लंबी दूरी की ट्रेनें विलंब से चलीं, जिसके चलते कुछ ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया। पश्चिम रेलवे ने मुंबई सेंट्रल–वापी पैसेंजर (59045) और वापी–मुंबई सेंट्रल पैसेंजर (59040) ट्रेनों को रद्द कर दिया।
इसके अलावा, केलवे रोड स्टेशन के पास शनिवार सुबह करीब 11:50 बजे एक मालगाड़ी में तकनीकी खराबी आने से पश्चिम रेलवे की लोकल सेवाएं भी प्रभावित हुईं।
लगातार हो रही बारिश के कारण मुंबई और आसपास के कई निचले इलाकों में दो फीट तक पानी भर गया, जिससे कई सड़कें यातायात के लिए बंद करनी पड़ीं। जलभराव के कारण यात्रियों को ऑटो और टैक्सी मिलने में भी भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों तक भारी बारिश की संभावना जताई है।


