श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच यूनिट-9 ने मादक पदार्थों की अवैध बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बांद्रा पश्चिम स्थित एक घर पर छापा मारकर 1 किलो 505 ग्राम चरस बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस चरस की अनुमानित कीमत डेढ़ करोड़ रुपये बताई गई है। पुलिस ने इस मामले में 40 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य वांछित आरोपी की तलाश जारी है।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, क्राइम ब्रांच यूनिट-9 को गोपनीय सूचना मिली थी कि बांद्रा पश्चिम इलाके में स्थित एक घर से मादक पदार्थों की अवैध बिक्री की जा रही है। इस सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई।इसके बाद 24 अक्टूबर 2026 को पुलिस टीम ने पंचों की मौजूदगी में संदिग्ध घर पर छापा मारा। तलाशी के दौरान वहां से 1 किलो 505 ग्राम चरस बरामद हुई।


पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत जब्त कर लिया। जब्त चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 1.50 करोड़ रुपये आंकी गई है।इस मामले में पुलिस ने मादक पदार्थों से संबंधित स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस अधिनियम) के तहत मामला दर्ज किया है। कार्रवाई के दौरान 40 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है, ताकि मादक पदार्थों की आपूर्ति के स्रोत, बिक्री के नेटवर्क और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी हासिल की जा सके। मामले में एक अन्य वांछित आरोपी की तलाश की जा रही है।
यह कार्रवाई मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती, पुलिस सह आयुक्त (अपराध) अनिल कुंभारे, अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) कृष्णकांत उपाध्याय, पुलिस उपायुक्त (डिटेक्शन-1) नवनाथ ढवले और सहायक पुलिस आयुक्त (डी-ईस्ट) धर्मपाल बनसोडे के मार्गदर्शन में की गई।
कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक सचिन पुराणिक, सहायक पुलिस निरीक्षक महेंद्र पाटील और विजय धोत्रे, पुलिस उपनिरीक्षक कल्याण पाटील और ऋषिकेश बाबर सहित पुलिसकर्मी सुभाष शिंदे, राहुल पवार, राकेश कदम, रविंद्र वाघमारे और महिला पुलिसकर्मी पुनम जगताप तथा उनकी टीम शामिल थी।
पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है। जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि जब्त चरस कहां से लाई गई थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।


