■ 15 से 20 अज्ञात महिलाओं के भी नाम, इमारत के शीशे पर ‘मेटा-आरएसएस का बेटा’ लिखकर नुकसान पहुंचाने का आरोप।
मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) स्थित मेटा कार्यालय के बाहर प्रदर्शन और कथित तोड़फोड़ के मामले में मुंबई पुलिस ने शनिवार को एफआईआर दर्ज की है। इस मामले में मुंबई यूथ कांग्रेस की अध्यक्ष जीनत साबरीन समेत चार लोगों को नामजद किया गया है। इसके अलावा 15 से 20 अज्ञात महिलाओं को भी आरोपी बनाया गया है।


पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, यह घटना 20 नवंबर को शाम करीब 5:40 बजे बीकेसी रोड स्थित मेटा कार्यालय के बाहर हुई। आरोप है कि करीब 20 से 25 लोग कार्यालय के बाहर एकत्र हुए और नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन करने लगे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने परिसर में हंगामा भी किया।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि लाल रंग की फूलों वाली पोशाक पहनी एक महिला ने इमारत के कांच के बाहरी हिस्से पर ‘META – son of RSS’ लिखकर उसे नुकसान पहुंचाया। पुलिस शिकायत के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों ने कार्यालय परिसर में अव्यवस्था भी पैदा की।
इस मामले में एफआईआर में मुंबई यूथ कांग्रेस अध्यक्ष जीनत साबरीन, यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव पवन मजेठिया, निखिल रुपारेल और जाफर के नाम शामिल हैं। बीकेसी पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 223, महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धाराओं 37(3) और 135 तथा महाराष्ट्र संपत्ति विरूपण निवारण अधिनियम, 1995 की धारा 3 के तहत मामला दर्ज किया है।
■ मेटा के खिलाफ देशभर में हुआ था प्रदर्शन
दरअसल, 20 नवंबर को यूथ कांग्रेस ने देश के विभिन्न हिस्सों में मेटा के खिलाफ विरोध प्रदर्शन आयोजित किए थे। ये प्रदर्शन नेशनल यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब और राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा के सोशल मीडिया अकाउंट निलंबित किए जाने के विरोध में किए गए थे।
यूथ कांग्रेस के नेताओं का आरोप है कि मेटा उनके हजारों सोशल मीडिया पोस्ट को प्रतिबंधित या हटाने की कार्रवाई कर रहा है। इसी मुद्दे को लेकर संगठन ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर भी मेटा और उसकी नीतियों की आलोचना की थी।
अपने एक पोस्ट में नेशनल यूथ कांग्रेस ने मेटा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और फेसबुक के सह-संस्थापक मार्क जुकरबर्ग पर निशाना साधते हुए लिखा था, ”आपका एल्गोरिदम तो भाजपा से भी ज्यादा राहुल गांधी की तस्वीर से डरा हुआ लगता है।”
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के दौरान प्रदर्शन के समय हुई कथित तोड़फोड़, नारेबाजी और परिसर में हंगामा किए जाने से जुड़े आरोपों की पड़ताल की जा रही है।


