मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय को गुरुवार को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया।


सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस, बम निरोधक दस्ता (बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वॉड) और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों ने पूरे पासपोर्ट कार्यालय परिसर की गहन तलाशी ली, लेकिन जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक बरामद नहीं हुआ।
पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर धमकी भरा ईमेल भेजने वाले की पहचान और उसके स्रोत का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। ईमेल किस स्थान से भेजा गया और इसके पीछे किसका हाथ है, इसकी पड़ताल की जा रही है।
फिलहाल पासपोर्ट कार्यालय परिसर पूरी तरह सुरक्षित बताया गया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।


