मुंबई वार्ता/श्रीश उपाध्याय

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) की आयुक्त अश्विनी भिडे ने मुंबई को अधिक स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए कचरा प्रबंधन की त्रिसूत्री—दैनिक संकलन, वर्गीकरण और परिवहन—को और मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने नागरिकों, स्वयंसेवी संस्थाओं और आवासीय सोसाइटियों की नवाचारी संकल्पनाओं का अध्ययन कर उन्हें व्यवहार में लागू करने पर जोर दिया।


आयुक्त ने आज सुबह वडाला, चेंबूर और चुनाभट्टी क्षेत्रों में घनकचरा प्रबंधन की विभिन्न सुविधाओं और स्वच्छता चौकियों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वडाला स्थित सूखा कचरा केंद्र, बरकत अली दरगाह मार्ग और अरुणकुमार वैद्य मार्ग (वडाला पूर्व) पर चल रहे सफाई कार्यों का भी जायजा लिया। इन क्षेत्रों में खड़ी बेवारस गाड़ियों को हटाकर स्वच्छता सुधारने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।


निरीक्षण के दौरान उन्होंने सफाई कर्मचारियों से सीधे संवाद करते हुए कचरा संकलन की दैनिक फेऱियों, वर्गीकरण और परिवहन प्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने घनी आबादी वाले क्षेत्रों में कचरा प्रबंधन के लिए विशेष योजना बनाने और जनजागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। साथ ही ‘मुंबई क्लीन लीग’ अभियान को और प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए।
आयुक्त भिडे ने Tata Institute of Social Sciences जैसे संस्थानों के सहयोग से अध्ययन समूह बनाकर स्वच्छता के नए मॉडल विकसित करने की बात कही। उन्होंने महाविद्यालयीन छात्रों के लिए इंटर्नशिप कार्यक्रम शुरू कर उन्हें भी इस अभियान से जोड़ने का सुझाव दिया।
■ जीआईएस आधारित वॉर्ड मैपिंग पर जोर
उन्होंने निर्देश दिए कि झुग्गी और घनी आबादी वाले क्षेत्रों में कचरे की मात्रा अधिक होने के कारण वहां जीआईएस (Geographic Information System) आधारित वॉर्ड मैप तैयार किया जाए। प्रत्येक सड़क के कचरा संकलन की योजना बनाकर उसका रिकॉर्ड रखा जाए और उसके आधार पर मॉडल विकसित किया जाए। साथ ही कचरा फेंकने वाले स्थानों पर सीसीटीवी निगरानी लगाने के निर्देश भी दिए गए।
■ नागरिक सहभागिता और सख्त कार्रवाई
आयुक्त ने कहा कि स्वच्छता अभियान को सफल बनाने के लिए नागरिकों की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं और उन्हें अभियान का सक्रिय हिस्सा बनने के लिए प्रेरित किया।
साथ ही बस स्टॉप और प्रमुख मार्गों पर स्वच्छता की दृश्यता बढ़ाने, बेवारस वाहनों को हटाने, कचरा फैलाने वालों और अनधिकृत फेरीवालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
इस निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।


