श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

मुंबई के अंटॉप हिल पुलिस थाने ने अपहरण और जबरन लूट के एक गंभीर मामले का मात्र 6 घंटे में खुलासा करते हुए 6 आरोपियों को मुंबई और गोवा से गिरफ्तार किया है।


पीड़ित श्रवण लक्ष्मण रावल (45 वर्ष), निवासी विरार पश्चिम, पालघर, अंटॉप हिल क्षेत्र में काम से आए थे। इसी दौरान 4 अज्ञात आरोपियों ने उन्हें जबरदस्ती वाहन में बैठाकर धमकाया और उनके पास से 32,50,000 रुपये नकद लूट लिए। इसके बाद उन्हें घाटकोपर इलाके में छोड़ दिया गया।


पीड़ित की शिकायत पर अंटॉप हिल पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपियों का पता लगाया।
जांच के दौरान 9 संदिग्धों की जानकारी मिली, जिनमें से 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं:
राहुल एकनाथ गायकवाड़ (30 वर्ष)
इरफान अली अहमद अली खान (33 वर्ष)
विवेक विलास काकडे (32 वर्ष)
संतोष वसंत मलेकर (44 वर्ष)
स्वप्नील चंद्रकांत पाटिल (34 वर्ष)
मोहम्मद रिजवान अन्सार (47 वर्ष)
इनमें से 2 आरोपी नालासोपारा से, 3 आरोपी गोवा राज्य से तथा 1 आरोपी वसई-विरार क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 21,61,000 रुपये बरामद किए हैं।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त देवेन भारती, सह.पुलिस आयुक्त सत्यनारायण चौधरी (लॉ एंड ऑर्डर), अतिरिक्त पुलिस आयुक्त विक्रम देशमाने, पुलिस उपायुक्त (जोन-4) आर. रागसुधा के मार्गदर्शन में अंटॉप हिल पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शिवाजी पावडे की टीम द्वारा सफलतापूर्वक अंजाम दी गई।


