●बांग्लादेशी और पुलिस सहित ३१ लोग घायल,
● अवैध रूप से रह रहे थे बांग्लादेशी
मुंबई वार्ता/सतीश सोनी

बांग्लादेशी नागरिकों के निर्वासन की प्रक्रिया के लिए पुणे जा रहे पुलिस के काफिले का मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर रायगढ़ जिले के भाटन सुरंग में हादसा हो गया। एक वाहन के अचानक ब्रेक लगाने के कारण पुलिस के वाहन आपस में टकरा गए, जिसमें १२ बांग्लादेशी और १९ पुलिस कर्मी घायल हो गए। पता चला कि अवैध रूप से रह रहे १६० बांग्लादेशियों को ले जा रहे काफिले में मुंबई और नवी मुंबई पुलिस के वाहन भी शामिल थे।


रायगढ़ पुलिस सूत्रों ने बताया कि यह घटना बुधवार सुबह मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर रसैनी के पास भाटन सुरंग में हुई। दुर्घटना में घायल हुए लोगों को इलाज के लिए नवी मुंबई के एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिनमें से मुंबई पुलिस की सुरक्षा शाखा में कार्यरत विजय माने की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इन बांग्लादेशियों को अलग-अलग जेलों में रखा गया था। कानूनी प्रक्रिया के बाद बांग्लादेशियों को वापस उनके वतन भेजने की प्रक्रिया चल रही थी। जेल में बंद १६० बांग्लादेशियों को वापस भेजने की प्रक्रिया चल रही थी। १६० में से ४० बांग्लादेशियों को मुंबई से पकड़ा गया था, जबकि बाकी को मीरा-भायंदर, ठाणे और नवी मुंबई से पकड़ा गया था। बुधवार सुबह विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ) के समन्वय में १९ पुलिस वाहनों में १६० बांग्लादेशियों को पुणे के लोहगांव हवाई अड्डे पर ले जाया जा रहा था। काफिला जब भाटन सुरंग के पास पहुंचा तो एक वाहन के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दी, जिससे छह से सात वाहन आपस में टकरा गए। इस घटना में १९ पुलिसकर्मी और १२ बांग्लादेशी घायल हो गए। एक पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हुआ, जबकि बाकी को मामूली चोटें आईं।
इस संबंध में रसैनी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। दुर्घटना के कारण मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर यातायात जाम हो गया। घटना की सूचना मिलने पर दमकल और यातायात पुलिस मौके पर पहुंची। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क के किनारे किया गया और यातायात बहाल किया गया।


