मुंबई वार्ता/श्रीश उपाध्याय

मुंबई पुलिस की नारकोटिक्स सेल ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गोरेगांव क्षेत्र से 750 ग्राम हेरोइन बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत 3.75 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस मामले में पुलिस ने 20 वर्षीय एक युवक को गिरफ्तार किया है।


पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए विशेष अभियान के दौरान की गई। नारकोटिक्स सेल की टीम ने सड़क पर निगरानी के दौरान संदिग्ध युवक को पकड़ा और उसके कब्जे से भारी मात्रा में हेरोइन बरामद की।
मुंबई पुलिस की नारकोटिक्स सेल की डीसीपी पूर्णिमा चौगुले श्रृंगी ने बताया कि जब्त की गई 750 ग्राम हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 3.75 करोड़ रुपये है। उन्होंने कहा कि फिलहाल मामले में केवल एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है और उससे पूछताछ जारी है।
डीसीपी ने बताया कि अभी तक जांच में आरोपी का किसी बड़े या चर्चित ड्रग सिंडिकेट से सीधा संबंध सामने नहीं आया है, लेकिन इस संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। पुलिस इस बात की गहन जांच कर रही है कि आरोपी किसी बड़े अंतरराज्यीय या अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क से जुड़ा है या नहीं।
मुंबई पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


