श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

मुंबई पुलिस की खंडणी विरोधी कक्ष (एंटी एक्सटॉर्शन सेल) ने परराज्य से मुंबई में अवैध हथियार बेचने आए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तीन विदेशी पिस्टल, मैगजीन और 49 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। यह कार्रवाई 22 मई 2026 की रात दादर स्थित रेट जॉर्ज हॉस्पिटल के पास ईस्टर्न फ्रीवे की ओर जाने वाले रास्ते पर की गई।


पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग मुंबई में हथियारों की सप्लाई और बिक्री के लिए आने वाले हैं। इसके बाद एंटी एक्सटॉर्शन सेल के अधिकारियों ने जाल बिछाकर तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से तीन विदेशी निर्मित पिस्टल, मैगजीन और कुल 49 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।


पूछताछ में आरोपियों ने हथियार बेचने के उद्देश्य से मुंबई आने की बात कबूल की। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने मुंबई पुलिस आयुक्त के आदेशों का उल्लंघन किया है। इस मामले में एमआरए मार्ग पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर आगे की जांच अपराध शाखा, मुंबई द्वारा की जा रही है।गिरफ्तार आरोपियों की उम्र 24 से 34 वर्ष के बीच बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम जशन प्रित मंगल सिंह (वय 24 राहणार -पटियाला पंजाब) , सुखविंदर चंद्रपाल (वय 24 राहणार- पटियाला पंजाब ) , अरबाज अन्वर चौधरी (वय 34 वर्षे राहणार- झालावाड राजस्थान) है।
जांच में यह भी सामने आया है कि इनमें से दो आरोपी वर्ष 2022 से हत्या के एक मामले में फरार चल रहे थे।मुंबई पुलिस ने बताया कि शहर में अवैध हथियारों की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है।
मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती, सह पुलिस आयुक्त (अपराध) अनिल कुम्भारे, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त कृष्णकांत उपाध्याय, पुलिस उपायुक्त राज तिलक रोशन के निर्देशानुसार उक्त कार्रवाई मुंबई क्राइम ब्रांच अधिकारियों ने की है।


