मुंबई वार्ता/श्रीश उपाध्याय

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) आयुक्त अश्विनी भिडे ने शहर के फुटपाथों को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए ‘पेडेस्ट्रियन फर्स्ट’ (Pedestrian First) अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए हैं। अभियान का उद्देश्य पैदल चलने वालों को सुरक्षित, सुगम और बाधारहित फुटपाथ उपलब्ध कराना है।


इसी अभियान की प्रगति का जायजा लेने के लिए गुरुवार सुबह आयुक्त अश्विनी भिडे ने पश्चिमी उपनगर के ‘के वेस्ट’ और ‘पी साउथ’ वार्ड का दौरा कर मौके पर निरीक्षण किया।


निरीक्षण के दौरान विले पार्ले (पश्चिम) स्थित स्वामी विवेकानंद मार्ग (एस.वी. रोड) और राम गणेश गडकरी मार्ग का विशेष रूप से जायजा लिया गया। इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज, एम्बुलेंस और कॉलेज के छात्र-छात्राओं का आवागमन होता है। इसी कारण इस इलाके से अतिक्रमण हटाने को प्राथमिकता दी गई है।
बीएमसी के अनुसार, अभियान के पहले चरण में शहर के 320 किलोमीटर लंबे फुटपाथों को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त किया जाएगा, ताकि नागरिकों को बिना किसी बाधा के पैदल चलने की सुविधा मिल सके।
‘के वेस्ट’ वार्ड में कुल 355 सड़कों में से 27 प्रमुख मार्गों को पहले चरण के लिए चुना गया है। इन मार्गों पर करीब 37.7 किलोमीटर लंबे फुटपाथों से अवैध कब्जे और अतिक्रमण हटाए जा रहे हैं।
आयुक्त अश्विनी भिडे ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फुटपाथों पर बैठे अवैध फेरीवालों, अतिक्रमणों और अन्य सभी प्रकार की बाधाओं को तत्काल हटाया जाए। साथ ही फुटपाथों की मरम्मत, सौंदर्यीकरण और पैदल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्य भी तेजी से पूरे किए जाएं।
निरीक्षण के दौरान परिमंडल-4 की सह आयुक्त डॉ. भाग्यश्री कापसे, आयुक्त कार्यालय के उपायुक्त प्रशांत गायकवाड़ तथा पी साउथ वार्ड के सहायक आयुक्त कुंदन वळवी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।


