मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई में बुधवार सुबह बम की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। शहर के तीन प्रमुख स्थानों— बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज, विधान भवन और बॉम्बे हाई कोर्ट को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दी गई।पुलिस के अनुसार, धमकी भरे ईमेल मिलने के बाद तुरंत सुरक्षा बढ़ा दी गई और संबंधित इलाकों में तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया। मौके पर मुंबई पुलिस के साथ बम निरोधक दस्ता भी तैनात है और पूरे परिसर की गहन जांच की जा रही है।


मुंबई पुलिस ने बताया कि तीनों स्थानों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है और मामले में संबंधित पुलिस थानों में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल इस मामले में और जानकारी का इंतजार है।इससे पहले 8 मार्च को भी मुंबई के एक अस्पताल को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली थी, जिसमें परिसर में “एलईडी ब्लास्ट” करने की बात कही गई थी।


उस घटना के बाद अस्पताल में मरीजों और कर्मचारियों के बीच दहशत का माहौल बन गया था।बाद में पुलिस की बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड ने अस्पताल परिसर की जांच की थी।


