श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

मुंबई पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल (वर्ली यूनिट) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 3 करोड़ 88 लाख 60 हजार रुपये मूल्य का ‘चरस’ जब्त किया है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।


पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, एंटी नारकोटिक्स सेल की वर्ली यूनिट मुंबई में मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री और तस्करी करने वालों की तलाश में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को लोकमान्य तिलक टर्मिनस फ्लाईओवर के नीचे, रेल फ्लाईओवर सीएसएमटी रोड, नवीन टिलकनगर रेल्वे कॉलोनी गेट के सामने, टिलकनगर-चेंबूर इलाके में एक संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियां नजर आईं।


पुलिस ने तत्काल उसे हिरासत में लेकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से 2 किलो 886 ग्राम वजन का ‘चरस’ बरामद हुआ, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 3 करोड़ 88 लाख 60 हजार रुपये बताई गई है।
इस मामले में टिलकनगर पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 228/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(क) और 20(क) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
यह कार्रवाई मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती, संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) अनिल कुंभारे, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) कृष्णकांत उपाध्याय, पुलिस उपायुक्त नवनीत ढवले और सहायक पुलिस आयुक्त सुधीर हिरेडकर के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में वर्ली एंटी नारकोटिक्स सेल के प्रभारी पुलिस निरीक्षक संतोष साळुंखे, उपनिरीक्षक किरण वाघ तथा उनकी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


