श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

मुंबई के शिवड़ी इलाके में पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। इस मामले में शिवड़ी पुलिस थाना ने हत्या का मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो आरोपी फरार हैं। इस बात की जानकारी पुलिस उपायुक्त विजय सागर ने एक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी है।


पुलिस के अनुसार, यह घटना 22 मई 2026 की रात करीब 2.30 बजे से 2.50 बजे के बीच मिनर्वा कंपाउंड, मोहन कोळी की टपरी के सामने, रामगड झोपड़पट्टी, शिवड़ी में हुई। मामले की शिकायत खालिद रमजान हाश्मी (24) ने दर्ज कराई है, जो सूखी मछली बेचने का काम करता है।
पुलिस जांच में सामने आया कि शिकायतकर्ता, आरोपी और अन्य लोग साथ बैठकर खाना खा रहे थे। इसी दौरान आरोपी जसीम सय्यद और समीर नासिर शेख के बीच उधार दिए गए पैसों को लेकर विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर गाली-गलौज और मारपीट हुई।
आरोप है कि जसीम सय्यद ने अपनी स्कूटी में रखा स्क्रूड्राइवर निकाला और समीर शेख की गर्दन पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद शिकायतकर्ता और अन्य लोगों ने घायल को तुरंत इलाज के लिए केईएम अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 3(5) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी किसन जयदीप पांडे उर्फ दुबे (22) को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं रिजवान समीर शेख और जसीम सय्यद की तलाश जारी है।


