मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (MMRDA) के एकीकृत सार्वजनिक परिवहन ऐप ‘मुंबई वन’ ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। लॉन्च के करीब 10 महीने में इस ऐप के जरिए 1 करोड़ से अधिक टिकट लेनदेन दर्ज किए गए हैं। MMRDA के आंकड़ों के अनुसार, अब तक कुल 1,04,11,824 टिकट बुक किए जा चुके हैं।‘मुंबई वन’ ऐप को 8 अक्टूबर 2025 को लॉन्च किया गया था। इसका उद्देश्य मुंबई महानगर क्षेत्र में अलग-अलग सार्वजनिक परिवहन सेवाओं को एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराना है, ताकि यात्रियों को अलग-अलग परिवहन साधनों के लिए अलग-अलग ऐप या टिकटिंग व्यवस्था पर निर्भर न रहना पड़े।


■ 8.16 लाख से ज्यादा डाउनलोड
ऐप को यात्रियों की ओर से भी अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। अब तक 8,16,402 डाउनलोड दर्ज किए गए हैं। इनमें करीब 74 प्रतिशत डाउनलोड एंड्रॉयड और 26 प्रतिशत आईओएस उपयोगकर्ताओं द्वारा किए गए हैं।‘मुंबई वन’ फिलहाल 11 सार्वजनिक परिवहन ऑपरेटरों और सेवाओं को एक मंच पर जोड़ता है। इनमें मेट्रो, उपनगरीय लोकल ट्रेन, मोनोरेल और विभिन्न नगर परिवहन बस सेवाएं शामिल हैं।
■ मेट्रो से सबसे ज्यादा टिकट बुकिंग
ऐप के जरिए सबसे ज्यादा टिकट बुकिंग मेट्रो सेवाओं की हुई है। मेट्रो लाइन 2A, 7, 2B और 9 से कुल 30,10,554 टिकट बुक किए गए। वहीं मेट्रो लाइन 1 से 28,47,682 और मेट्रो लाइन 3 से 24,30,370 टिकट बुक हुए।इन तीन समूहों की मेट्रो सेवाओं को मिलाकर कुल 82,88,606 टिकट बुक किए गए, जो ‘मुंबई वन’ के कुल लेनदेन का करीब 80 प्रतिशत है।
■ लोकल और बस सेवाओं का भी बढ़ता इस्तेमाल
मुंबई की उपनगरीय रेलवे सेवा के लिए ऐप से 15,70,906 टिकट बुक किए गए हैं। इसके अलावा नवी मुंबई मेट्रो लाइन-1 से 3,38,718 टिकट बुक हुए।बस सेवाओं में BEST से 1,53,323, TMT से 33,706, NMMT से 16,698, MBMT से 7,553 और KDMT से 2,314 टिकट बुक किए गए हैं।
■ ‘वन MMR’ की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि केवल 10 महीनों में एक करोड़ टिकट बुकिंग का आंकड़ा पार करना इस बात का संकेत है कि यात्रियों ने एकीकृत डिजिटल परिवहन व्यवस्था को स्वीकार किया है। लोकल ट्रेन, मेट्रो और बस सेवाओं को एक ही ऐप से जोड़ने से मुंबई महानगर क्षेत्र को निर्बाध रूप से जोड़ने के लक्ष्य को मजबूती मिलेगी।
MMRDA के अध्यक्ष और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी इस उपलब्धि को एकीकृत परिवहन व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता बताया। उनके अनुसार, अलग-अलग परिवहन प्रणालियों को एक सामान्य टिकटिंग प्लेटफॉर्म पर लाने से यात्रियों के लिए सफर अधिक सुविधाजनक हो रहा है।
MMRDA के महानगर आयुक्त डॉ. संजय मुखर्जी ने कहा कि इस उपलब्धि का श्रेय उन यात्रियों को जाता है, जिन्होंने ‘मुंबई वन’ पर भरोसा किया। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐप को और अधिक सहज तथा यात्रियों के अनुकूल बनाने पर जोर दिया जाएगा।‘मुंबई वन’ में डिजिटल क्यूआर टिकट, त्वरित टिकट बुकिंग, यात्रा मार्गों को सेव करने और बुकिंग हिस्ट्री जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।


