मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई के मुलुंड पूर्व स्थित ऐरोली ब्रिज के पास रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 32 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान मित्तल पाटिल के रूप में हुई है, जो चेंबूर वेस्ट के निवासी थे और एक रेस्टोरेंट मैनेजर के तौर पर काम करते थे।


पुलिस के अनुसार, हादसा रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे नवघर रोड पर हुआ। मित्तल पाटिल अपनी मोटरसाइकिल से जा रहे थे, तभी एक ऑटो-रिक्शा चालक ने कथित तौर पर अचानक अवैध यू-टर्न लिया और उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पाटिल सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद करते हुए उन्हें मुलुंड पूर्व के वीर सावरकर अस्पताल पहुंचाया। हालांकि डॉक्टरों ने उन्हें भर्ती करने से पहले ही दोपहर 1:55 बजे मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद ऑटो चालक मौके से फरार हो गया। मामले की जांच उप-निरीक्षक प्रल्हाद पवार को सौंपी गई है। पुलिस आरोपी ऑटो चालक की तलाश में जुटी है।


