मुंबई वार्ता संवाददाता

मेडिकल शिक्षा में प्रवेश दिलाने का झांसा देकर दुबई की एक महिला से 1 करोड़ 13 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में पवई पुलिस ने सौम्या बोथरा (32) को गिरफ्तार किया है। इस मामले में उसके पति करण बोथरा और अन्य साथियों की तलाश जारी है। बोथरा दंपती के खिलाफ पुणे के मार्केट यार्ड और चतुःशृंगी पुलिस थानों में भी ठगी के दो मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपियों से जुड़े मामलों की गहन जांच कर रही है।


पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता हेमलता जगदीश जोशी दुबई में परफ्यूम का कारोबार करती हैं। वर्ष 2019 में भारत में उनकी पहचान करण और सौम्या बोथरा से हुई थी। मार्च 2024 में बोथरा दंपती ने जोशी की बेटी को एमबीबीएस पाठ्यक्रम में प्रवेश दिलाने का भरोसा दिया। इसके लिए उन्होंने शिकायतकर्ता से कथित तौर पर 1 करोड़ 13 लाख रुपये नकद लिए।हालांकि, बेटी को मेडिकल कॉलेज में प्रवेश नहीं मिला और रकम भी वापस नहीं की गई। इसके बाद हेमलता जोशी ने पवई पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले में कई गवाहों के बयान दर्ज किए हैं।जांच के दौरान यह भी सामने आया कि करण बोथरा ने शिकायतकर्ता को रकम लौटाने के लिए जो चेक दिए थे, वे खाते में पर्याप्त राशि नहीं होने के कारण बाउंस हो गए। मामले में सत्र न्यायालय के बाद बॉम्बे हाई कोर्ट ने भी बोथरा दंपती की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी।
■ एयरपोर्ट से गिरफ्तारी:
13 अगस्त को सौम्या बोथरा मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंची थी। इमिग्रेशन अधिकारियों ने उसे हिरासत में लिया।
पुलिस के अनुसार, वह देश छोड़कर फरार होने की कोशिश में थी। हालांकि, पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।पवई पुलिस अब सौम्या से पूछताछ कर रही है और उसके पति करण बोथरा तथा अन्य कथित सहयोगियों की तलाश में जुटी है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि मेडिकल प्रवेश के नाम पर कितने लोगों से इसी तरह रकम वसूली गई और इस कथित ठगी में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।


