मुंबई वार्ता संवाददाता

महाराष्ट्र के इलेक्ट्रॉनिक्स, सूचना प्रौद्योगिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं सांस्कृतिक कार्य मंत्री आशीष शेलार ने बुधवार को रत्नागिरी जिले के संगमेश्वर तहसील स्थित कसबा में प्रस्तावित छत्रपति संभाजी महाराज स्मारक के निर्माण कार्य की समीक्षा की और स्थल का निरीक्षण किया।


उन्होंने कहा कि यह भूमि ऐतिहासिक और पवित्र है तथा यहां धर्मवीर छत्रपति संभाजी महाराज का भव्य स्मारक बनाना स्थानीय लोगों की वर्षों पुरानी मांग रही है। अब स्मारक के लिए निधि और आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रियाएं अंतिम चरण में हैं और जल्द ही इसका निर्माण शुरू होगा।


निरीक्षण के दौरान मंत्री शेलार ने छत्रपति संभाजी महाराज की पूर्णाकृति प्रतिमा पर पुष्पहार अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके चरणों में नमन किया। इसके बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत में स्मारक परियोजना की प्रगति की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि इस स्मारक को लेकर विधायक प्रमोद जठार की पहल पर उनके विभाग में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई थी। साथ ही राज्य के कैबिनेट मंत्री एवं रत्नागिरी के पालक मंत्री डॉ. उदय सामंत ने भी विधानसभा में स्मारक निर्माण को लेकर सकारात्मक घोषणा की थी। उसी के अनुरूप अब परियोजना के लिए वित्तीय और प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी होने की दिशा में हैं।
इसके बाद ग्राम पंचायत कार्यालय में सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के कार्यकारी अभियंता अमोल ओटवणेकर ने स्मारक की प्रस्तावित रूपरेखा और निर्माण योजना का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया। मंत्री शेलार ने स्मारक स्थल, ऐतिहासिक वाड़े और परिसर स्थित मंदिर का भी निरीक्षण कर अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की।
इस अवसर पर विधायक प्रमोद जठार, विधायक किरण सामंत, प्रशांत यादव, वैभव खेडेकर सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, सरकारी अधिकारी, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।


