मुंबई वार्ता संवाददाता

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 19 जून को होने वाले जन्मदिन के अवसर पर मुंबई कांग्रेस पूरे शहर में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित करेगी। पार्टी की ओर से प्रत्येक जिला और वार्ड स्तर पर पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा।


इस संबंध में जानकारी देते हुए मुंबई कांग्रेस के प्रवक्ता सुरेशचंद्र राजहंस ने बताया कि मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद वर्षा गायकवाड़ के मार्गदर्शन में राहुल गांधी के जन्मदिन को पर्यावरण संरक्षण के संकल्प दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इसके तहत कार्यकर्ता शहर के विभिन्न इलाकों में वृक्षारोपण कर ‘पेड़ लगाओ, पेड़ बचाओ और पर्यावरण बचाओ’ का संदेश देंगे।


राजहंस ने आरोप लगाया कि विकास के नाम पर भाजपा सरकार बड़े पैमाने पर पर्यावरण को नुकसान पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि अंडमान-निकोबार की वन संपदा, मुंबई की आरे कॉलोनी, मदर डेयरी परिसर, निसर्ग उद्यान और नासिक के तपोवन क्षेत्र में बड़े पैमाने पर वृक्षों की कटाई की जा रही है, जिससे पर्यावरणीय संतुलन प्रभावित हो रहा है और ग्लोबल वार्मिंग का असर मुंबईकरों पर भी पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के जन्मदिन के अवसर पर वृक्षारोपण अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागृति पैदा करने का संकल्प लिया गया है।


