मुंबई वार्ता संवाददाता

स्वास्थ्य, चिकित्सा और शिक्षा के क्षेत्र में कई दशकों से कार्य करने वाली सामाजिक संस्था, सुमन रमेश तुलसियानी ट्रस्ट मुंबई ने मानवीय पहल करते हुए आदिवासी क्षेत्र के विद्यालय को मुफ्त स्कूल वैन उपहार स्वरूप प्रदान की है। इस वैन का लाभ उन सैकड़ों आदिवासी विद्यर्थियों को मिलेगा जो कई किलोमीटर पैदल चलकर स्कूल आते थे।


रायगढ़ जिले के माणगाव तालुका में स्थित वनवासी कल्याण आश्रम विद्यालय आदिवासी क्षेत्र का प्रमुख विद्यालय है जहां पर डेढ़ से दो किलोमीटर पैदल चलकर बच्चे स्कूल आते थे। इस बात की जानकारी मिलने पर नाना पालकर स्मृति समिति परेल, मुंबई के प्रबंधक, समाजसेवी कृष्णा महाडिक ने ट्रस्ट के अध्यक्ष रमेश तुलसियानी से संपर्क कर मदद की अपील की थी।
आदिवासी बच्चों की शिक्षा से जुड़ा मुद्दा होने से रमेश तुलसियानी ने पहले विद्यालय का दौरा किया। वस्तुस्थिति का जायजा लेने के बाद उन्होंने विद्यालय के लिए स्कूल वैन देने का फैसला किया।
कृष्णा महाडिक के प्रयास की सराहना करते हुए रमेश तुलसियानी ने कहा कि सुदूर क्षेत्र में अनेक चुनौतियों के बावजूद बच्चे यहां पढ़ने आते हैं, यह उनके रूचि को दर्शाता है। इससे अब बच्चों को पैदल चलने की नहीं बल्कि पढ़ाई करने में ध्यान लगाना होगा।
स्कूल वैन प्रदान करने के अवसर पर ट्रस्ट के प्रशासनिक अधिकारी मनीष रूपानी, वनवासी कल्याण आश्रम के निदेशक महादेव जाधव, रवि पाटिल, अमित साठे, अरुण पाटिल, उत्तम पाटिल, दिनेश पारधी आदि उपस्थित थे।


