मुंबई वार्ता/श्रीश उपाध्याय

मुंबई पुलिस की अपराध शाखा के अंतर्गत वर्ली यूनिट की एंटी नारकोटिक्स सेल ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ड्रग पैडलर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 142 ग्राम एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग्स बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 35 लाख 70 हजार रुपये बताई गई है।


पुलिस के अनुसार, वर्ली यूनिट की टीम मुंबई में मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त, भंडारण और तस्करी करने वालों की तलाश में गश्त कर रही थी। इसी दौरान कलानगर जंक्शन, बांद्रा (पूर्व) क्षेत्र में एक संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर उसे हिरासत में लेकर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास से 142 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई।
इस मामले में खेरवाड़ी पुलिस स्टेशन में संबंधित अपराध दर्ज किया गया है।
आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम, 1985 की धारा 8(क) एवं 22(क) के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त देवेन भारती, सह पुलिस आयुक्त (अपराध) अनिल कुंभारे, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) कृष्णकांत उपाध्याय, पुलिस उपायुक्त (एंटी नारकोटिक्स सेल) पूर्णिमा चौगुले-श्रींगी तथा सहायक पुलिस आयुक्त सुधीर हिरेडेकर के मार्गदर्शन में की गई।
पूरी कार्रवाई वर्ली यूनिट के प्रभारी पुलिस निरीक्षक संतोष सालुंखे, सहायक पुलिस निरीक्षक अमित घोगरे एवं टीम ने सफलतापूर्वक अंजाम दी।


