मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई के वर्सोवा पुलिस थाना क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। भाजपा नगरसेवक रोहन राठौड़ के रिश्तेदार शरद कदम (73) की कार की एक महिला डॉक्टर की कार से टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में दोनों वाहनों को मामूली नुकसान होने की बात सामने आई है।


महिला डॉक्टर की शिकायत पर वर्सोवा पुलिस ने शरद कदम को हिरासत में लिया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि कदम शराब के नशे में वाहन चला रहे थे। इसी दौरान आरोप लगाया गया कि पुलिस थाने में मौजूद रहने के दौरान शरद कदम को ब्रेन स्ट्रोक आया।
आरोप है कि तबीयत बिगड़ने के बावजूद पुलिस ने उन्हें तुरंत अस्पताल नहीं पहुंचाया और करीब पांच घंटे तक थाने में ही बैठाए रखा। घटना की जानकारी मिलने पर मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम और नगरसेवक रोहन राठौड़ अपने कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस थाने पहुंचे और शरद कदम को इलाज के लिए कूपर अस्पताल में भर्ती कराया।
इस मामले में अमित साटम ने पुलिस उपायुक्त को लिखित शिकायत देकर संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की एसीपी स्तर पर जांच शुरू कर दी गई है। जांच में यदि पुलिसकर्मियों की लापरवाही या किसी प्रकार की चूक सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि फिलहाल लापरवाही के आरोप शिकायत के आधार पर हैं और उनकी सत्यता की पुष्टि आधिकारिक जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।


