मुंबई वार्ता संवाददाता

राज्य के वृद्ध कलाकारों को मानधन मिलने में आ रही अड़चनों को दूर करने के लिए आधार सत्यापन प्रक्रिया को तत्काल पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। सांस्कृतिक कार्य, इलेक्ट्रॉनिक्स, सूचना प्रौद्योगिकी और कृत्रिम बुद्धिमत्ता मंत्री एड. आशिष शेलार ने यह निर्देश दिए।


प्रभादेवी स्थित पु. ल. देशपांडे महाराष्ट्र कला अकादमी में आयोजित समीक्षा बैठक में मंत्री शेलार ने ‘आपले सरकार सेवा केंद्र’, आधार सेवाएं और वृद्ध कलाकारों के मानधन से जुड़े मुद्दों का विस्तृत जायजा लिया।


उन्होंने कहा कि जालना, लातूर, परभणी, बुलढाणा और मुंबई उपनगर जिलों में आधार सत्यापन लंबित होने के कारण कई पात्र वृद्ध कलाकारों को मानधन नहीं मिल पा रहा है। संबंधित जिलाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे तुरंत कार्रवाई कर पात्र कलाकारों को जल्द से जल्द मानधन उपलब्ध कराएं।
बैठक में यह भी सामने आया कि कई ‘आपले सरकार सेवा केंद्र’ निष्क्रिय पड़े हैं। मंत्री शेलार ने ऐसे सभी केंद्रों की जांच कर उन्हें तुरंत शुरू करने या आवश्यकता अनुसार पुनर्स्थापित करने के निर्देश दिए।
मुंबई उपनगर में आधार सेवाओं की बढ़ती मांग और स्थान की कमी को देखते हुए, महापालिका स्कूलों और कॉलेजों में नए आधार केंद्र शुरू करने के विकल्प पर भी विचार करने को कहा गया है।
इस बैठक में संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और विभिन्न जिलों के प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।


