मुंबई वार्ता संवाददाता

वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर खतरनाक तरीके से बाइक चलाने, सड़क पर स्टंट करने और तेज रफ्तार में लापरवाही से वाहन चलाकर आम लोगों की जान जोखिम में डालने वाले पांच बाइक सवारों के खिलाफ मुंबई पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो का संज्ञान लेते हुए अंधेरी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है।


मुंबई पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में कुछ बाइक सवारों का समूह वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर खतरनाक स्टंट करते, तेज रफ्तार और लापरवाही से बाइक चलाते हुए दिखाई दिया था। इन गतिविधियों के कारण सड़क पर चलने वाले अन्य वाहन चालकों और यात्रियों की सुरक्षा खतरे में पड़ रही थी। साथ ही, बाइक सवारों की इन हरकतों से सार्वजनिक व्यवस्था भी प्रभावित हो रही थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अंधेरी पुलिस की टीम ने तत्काल जांच शुरू की। पुलिस ने वीडियो और अन्य उपलब्ध जानकारियों के आधार पर आरोपियों की पहचान की और कार्रवाई करते हुए पांचों बाइक सवारों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जावेद रफीक मालदार (25), मोहसिन मुबारक शेख (19), फैजान अहमद खान (22), साहिल मोहम्मद सिराज (29) और कुशल दत्ताराम भिसे (22) के रूप में हुई है।पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल पांच मोटरसाइकिलें भी जब्त की हैं। इस मामले में आगे की जांच जारी है।
मुंबई पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़कों पर खतरनाक स्टंट करने, तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने तथा आम नागरिकों की जान जोखिम में डालने वाली गतिविधियों को गंभीरता से लिया जाएगा और ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


