मुंबई वार्ता संवाददाता

विद्याविहार पूर्व में सड़क चौड़ीकरण के लिए चल रहे तोड़फोड़ कार्य के दौरान मंगलवार को एक हादसा हो गया। काम के दौरान उछली लोहे की रॉड सड़क से गुजर रहे एक छात्र के सिर पर जा लगी। हादसे में छात्र घायल हो गया, जिसके बाद उसे तत्काल राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया।


यह घटना 25 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 3:50 बजे स्टेशन रोड पर आर.एन. गांधी स्कूल के सामने, विद्याविहार (पूर्व) में हुई। जानकारी के अनुसार, सड़क चौड़ीकरण के लिए यहां demolition (तोड़फोड़) का काम चल रहा था। इसी दौरान एक लोहे की रॉड अचानक उछलकर सड़क से गुजर रहे 17 वर्षीय छात्र के सिर से टकरा गई।
घटना की सूचना राजावाड़ी अस्पताल की ओर से दी गई। अस्पताल की एएमओ डॉ. प्राजक्ता गिरी के अनुसार, घायल छात्र की पहचान धीरेन जैन (17) के रूप में हुई है। उसे अस्पताल में उपचार देने के बाद भर्ती कर लिया गया है।
डॉक्टर के मुताबिक छात्र की हालत फिलहाल स्थिर है। हादसे के बाद सड़क चौड़ीकरण के दौरान सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। इस मामले में संबंधित अधिकारियों और एजेंसियों द्वारा आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है।


