मुंबई वार्ता/श्रीश उपाध्याय

समाजवादी पार्टी ने आगामी मुंबई और महाराष्ट्र महानगरपालिका चुनाव 2026 की तैयारियों को तेजी से आगे बढ़ा दिया है। पार्टी ने भारत निर्वाचन आयोग को अपने स्टार प्रचारकों की आधिकारिक सूची सौंप दी है, जो जन प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 77 के तहत भेजी गई। यह सूची 31 दिसंबर 2025 को आयोग को प्रेषित की गई।


सूची में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के नाम शामिल हैं, जो चुनाव प्रचार में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। इसमें मुख्य चेहरा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का होगा जबकि उत्तर प्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पाण्डेय, सांसद धर्मेंद्र यादव, सांसद इकरा हसन, सांसद प्रिया सरोज और सांसद अफजल अंसारी भी सपा के लिए मत मांगने पहुंचेंगे।
पार्टी सूत्रों के अनुसार इन वरिष्ठ नेताओं की सक्रिय भागीदारी से मुंबई और महाराष्ट्र में समाजवादी पार्टी के चुनाव प्रचार को मजबूती और नई दिशा मिलेगी। आगामी मनपा चुनावों में पार्टी स्थानीय मुद्दों, अल्पसंख्यक अधिकारों और शहरी विकास को प्रमुख एजेंडे के रूप में जनता के सामने रखेगी।
समाजवादी पार्टी का मानना है कि मजबूत केंद्रीय नेतृत्व और प्रभावशाली प्रचार के दम पर वह शहरी क्षेत्रों में अपना जनाधार बढ़ाने में सफल होगी।


