■ क्राइम ब्रांच ने रंगे हाथों आरोपी को दबोचा.
मुंबई वार्ता/श्रीश उपाध्याय

मुंबई क्राइम ब्रांच ने साकीनाका, अंधेरी और आसपास के इलाकों में स्थानीय व्यापारियों से जबरन वसूली करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। एंटी एक्सटॉर्शन सेल (एईसी) ने आई-बाबा फाउंडेशन के संस्थापक योगेश रमेश मौर्य को साकीनाका मेट्रो स्टेशन के नीचे कथित तौर पर वसूली की रकम स्वीकार करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।


पुलिस के अनुसार, आरोपी बीते कई महीनों से अनाज और किराना व्यापारियों को मौत की धमकी और झूठे मुकदमों में फंसाने की चेतावनी देकर मोटी रकम वसूल रहा था। इस मामले में शिकायतकर्ता मयूर दौलत भंडालकर (32), जो अंधेरी पूर्व में एक किराना दुकान के लिए माल परिवहन का काम करता है, ने बताया कि 9 अक्टूबर 2025 से मौर्य बार-बार उसका वाहन रोककर यह झूठा आरोप लगाता था कि उसमें चोरी या अवैध राशन का सामान ले जाया जा रहा है।
आरोपी ने भंडालकर और दुकान मालिक प्रविण गामी को झूठे आपराधिक मामलों में फंसाने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। मौर्य खुद को प्रभावशाली व्यक्ति बताते हुए दावा करता था कि उसके पास 120 लोगों का गिरोह है और इलाके के सभी व्यापारी उसे ‘सुरक्षा शुल्क’ देते हैं। डर के चलते पीड़ितों ने साकीनाका, असलफा गांव, मलाड और वकोला समेत विभिन्न स्थानों पर अलग-अलग मौकों पर रकम अदा की।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अलग-अलग समय पर 5 लाख, 3 लाख, 15 लाख और 3 लाख रुपये की मांग की, हालांकि अब तक कुल 12.50 लाख रुपये की वसूली की पुष्टि हुई है। इसके अलावा उसने 5 लाख रुपये और 50 हजार रुपये मासिक ‘हफ्ता’ भी मांगा था।पीड़ितों ने आरोपी द्वारा दी गई धमकियों और वसूली की मांगों की ऑडियो रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखी थी। 23 जनवरी 2026 को मौर्य ने फिर 5 लाख रुपये की मांग कर शिकायतकर्ता को साकीनाका मेट्रो स्टेशन के नीचे बुलाया। सूचना मिलने पर पुलिस ने नकली नोटों के साथ जाल बिछाया और जैसे ही आरोपी ने पैसे स्वीकार किए, उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में मौर्य ने अपने साथियों राजन सिंह उर्फ बटला और मनोज गुप्ता के नाम उजागर किए, जो व्यापारियों की रेकी करने, जानकारी जुटाने और वसूली की रकम बांटने में शामिल बताए जा रहे हैं। पुलिस ने गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर अन्य आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि वसूली नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी भी जल्द की जा सकती है।


