15 जुलाई 2026 तक पूरा होगा शीव (सायन) फ्लाईओवर।

Date:

■ अतिरिक्त आयुक्त अभिजीत बांगर ने किया स्थल निरीक्षण

मुंबई वार्ता संवाददाता

शीव (सायन) पूर्व–पश्चिम को जोड़ने वाले रेल्वे फ्लाईओवर के पुनर्निर्माण कार्य को अपेक्षित गति मिल रही है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के अतिरिक्त आयुक्त (प्रकल्प) श्री अभिजीत बांगर ने स्पष्ट किया कि 15 जुलाई 2026 तक फ्लाईओवर का समस्त कार्य पूर्ण कर इसे यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।शुक्रवार को बांगर ने परियोजना स्थल का निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने कार्यों की प्रगति, शेष चरणों और उनकी समय-सीमा की समीक्षा की तथा अधिकारियों को निर्देश दिए कि बीएमसी और रेलवे प्रशासन के बीच उच्चस्तरीय समन्वय रखते हुए कार्यों को समानांतर रूप से तेज किया जाए। उन्होंने अभियंताओं को रोजाना कार्यस्थल पर उपस्थित रहने और उत्पन्न होने वाली समस्याओं का तत्काल समाधान करने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान बताया गया कि पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए पूर्व–पश्चिम आवागमन हेतु फुट ओवर ब्रिज (FOB) चालू कर दिया गया है। साथ ही, दो सार्वजनिक अंडरपास में से एक अंडरपास का कार्य पूरा हो चुका है, जिसे आगामी पखवाड़े में शुरू किया जाएगा।

बांगर ने जानकारी दी कि रेलवे सीमा के भीतर पुल से जुड़े कार्य रेलवे प्रशासन द्वारा किए जा रहे हैं, जबकि एप्रोच रोड और दो सार्वजनिक अंडरपास का कार्य बीएमसी कर रही है। लाल बहादुर शास्त्री मार्ग पर स्थित अंडरपास का काम पूरा हो चुका है। इसके चालू होने के बाद पश्चिमी ओर पैदल यातायात की पुनर्व्यवस्था की जाएगी ताकि कार्य के लिए अधिक क्षेत्र उपलब्ध हो सके।

उन्होंने बताया कि पश्चिमी हिस्से के चार चरणों का सूक्ष्म नियोजन किया गया है और 31 मई 2026 तक पश्चिमी ओर के सभी कार्य पूरे कर लिए जाएंगे। रेलवे से 31 मई 2026 तक पूर्वी एप्रोच रोड का कब्जा मिलने की अपेक्षा है, जिसके बाद शेष कार्यों को पूरा करने में 30 से 45 दिन का समय लगेगा। इसी आधार पर 15 जुलाई 2026 तक पूरे फ्लाईओवर का कार्य पूर्ण होगा।

धारावी की ओर स्थित दूसरे अंडरपास का कार्य तेज़ी से जारी है। रेलवे ट्रैक पर पुराने पुल के उत्तरी हिस्से का निष्कासन हो चुका है और दक्षिणी हिस्से का कार्य जारी है। रेलवे द्वारा 31 मई 2026 तक अंतिम गर्डर लॉन्चिंग पूरी की जाएगी। इसके बाद पूर्वी हिस्से के शेष कार्य पूरे किए जाएंगे।

निरीक्षण के समय मुख्य अभियंता (पुल) उत्तम श्रोते, उपमुख्य अभियंता (शहर) राजेश मुळ्ये, मध्य रेलवे के उप मुख्य अभियंता (निर्माण) रोहित मेहला सहित संबंधित अधिकारी और अभियंता उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

प्रमुख खबरे

More like this
Related

मुंबई के हर वार्ड में बनेगा अलग रेबीज क्लिनिक, 2030 तक ‘शून्य मौत’ का लक्ष्य: महापौर रितू तावड़े।

मुंबई वार्ता/श्रीश उपाध्याय मुंबई में रेबीज उन्मूलन अभियान को...

मुंबई क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई: दशकों से फरार तीन आरोपी गिरफ्तार।

श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता मुंबई क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई करते...

मुंबई में ‘आज का कर्मवीर अवार्ड 2026’ का छठा संस्करण संपन्न, 30 कर्मवीरों को किया गया सम्मानित।

मुंबई वार्ता संवाददाता समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय...

नमकीन की थैलियों में करते थे ड्रग्स तस्करी,चढ़े MIDC पुलिस के हत्थे।

■ एमआईडीसी पुलिस थाने द्वारा अंतरराष्ट्रीय तस्करी करने वाली...