मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई के साकीनाका स्थित खैरानी रोड पर खुले मैनहोल में गिरने से 55 वर्षीय असलम इसाक शेख की मौत के मामले में बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने बड़ी कार्रवाई की है। मुंबई की महापौर रितू तावडे ने घटनास्थल का दौरा करने के बाद चार अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने और संबंधित ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए। साथ ही मृतक के परिजनों के लिए 10 लाख रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता की घोषणा की गई।


महापौर रितू तावडे ने घटना की जानकारी मिलते ही बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिडे से संपर्क कर पूरे मामले की विस्तृत जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद बीएमसी प्रशासन ने प्रथम दृष्टया लापरवाही मानते हुए एल वार्ड के सहायक आयुक्त धनाजी हेर्लेकर, परिरक्षण विभाग के सहायक/द्वितीय अभियंता दीपक चौगुले, कनिष्ठ अभियंता अभिजीत चौगुले तथा मलनिसारण प्रचालन विभाग के अधिकारी उत्तम पाटील को जांच लंबित रहने तक निलंबित कर दिया। वहीं, सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर कार्य करने वाले ठेकेदार को भी ब्लैकलिस्ट कर दिया गया।


महापौर के निर्देश पर अतिरिक्त नगर आयुक्त (पश्चिम उपनगर) की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय जांच समिति का गठन किया गया है। समिति में सामान्य प्रशासन, परिमंडल-7 और आधारभूत संरचना विभाग के उप आयुक्त सदस्य होंगे। समिति को सात दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक उपाय सुझाए जा सकें।
घटनास्थल पर मीडिया से बातचीत करते हुए महापौर रितू तावडे ने कहा कि मानसून पूर्व तैयारियों की सभी बैठकों में उन्होंने विशेष रूप से सभी मैनहोल के ढक्कन सुरक्षित रखने और सार्वजनिक कार्यों के दौरान नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद यदि अधिकारी और ठेकेदार लापरवाही बरतते हैं, तो उनके खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने कहा कि भारी बारिश की आशंका के बीच खैरानी रोड पर मैनहोल खुला रखने का कोई औचित्य नहीं था। यदि वहां काम चल रहा था तो सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाने चाहिए थे। नागरिकों की जान जोखिम में डालने वाली किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अंतिम जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद महापौर रितू तावडे घाटकोपर स्थित राजावाड़ी अस्पताल पहुंचीं, जहां उन्होंने मृतक असलम शेख के परिवार से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने परिवार को 10 लाख रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की।


