■ मुंबई में बुज़ुर्ग बने आसान निशाना, 11 महीनों में 33 मामले दर्ज.
मुंबई वार्ता /सतीश सोनी

मुंबई के मझगांव इलाके में एक 75 वर्षीय सीनियर सिटिज़न को ‘सुंदरी’ की वीडियो कॉल के ज़रिए सेक्सटॉर्शन का शिकार बनाकर ₹2.23 लाख की ठगी किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस मामले में भायखला पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया है।


पुलिस के मुताबिक, हाल के महीनों में सीनियर सिटिज़न साइबर अपराधियों के लिए “सॉफ्ट टारगेट” बनते जा रहे हैं।जानकारी के अनुसार, एयर इंडिया से रिटायर बुज़ुर्ग अपने बेटे के साथ रहते हैं। 2 दिसंबर की रात करीब 8.30 बजे उनके WhatsApp पर एक अनजान नंबर से वीडियो कॉल आया। कॉल उठाते ही एक युवती ने बातचीत शुरू की। वह बिना कपड़ों के थी और बुज़ुर्ग को भी अश्लील हरकतें करने के लिए उकसाने लगी। बुज़ुर्ग ने मना कर कॉल काट दी।दो दिन बाद, 4 दिसंबर को फिर से कॉल आया। इस बार कॉल करने वाले ने खुद को “पुलिस अधिकारी राकेश अस्थाना” बताते हुए कहा कि बुज़ुर्ग का अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है और उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी हो सकता है।


बदनामी और कानूनी कार्रवाई के डर से घबराए बुज़ुर्ग से वीडियो डिलीट करने के बदले पैसे मांगे गए।आरोपियों ने UPI के ज़रिए पैसे भेजने को कहा। डर के चलते बुज़ुर्ग ने ₹2 लाख 23 हजार ट्रांसफर कर दिए। इसके बावजूद पैसों की मांग जारी रहने पर उन्होंने हिम्मत जुटाकर पुलिस से संपर्क किया।
मुंबई पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, जनवरी से नवंबर 2025 के बीच साइबर धोखाधड़ी के कुल 4,222 मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें सेक्सटॉर्शन के 33 मामले शामिल हैं। पुलिस ने इनमें से 22 मामलों को सुलझाते हुए 23 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने नागरिकों, खासकर सीनियर सिटिज़न से अपील की है कि अनजान वीडियो कॉल, लालच या धमकी से डरकर पैसे न भेजें और तुरंत साइबर हेल्पलाइन या नज़दीकी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराएं।



मन पर काबू न रखने का यही परिणाम होता है