मुंबई वार्ता / हरिश्चंद्र पाठक

चेंबूर के तिलक नगर स्थित लोकमान्य तिलक हाई स्कूल में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षकेतर कर्मचारी, विद्यार्थी तथा तिलक नगर पुलिस थाने के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने समाज में तेजी से फैल रही नशे की बुराई के खिलाफ जागरूकता का संदेश देते हुए नशे से दूर रहने और विद्यालय परिसर को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।


कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण के साथ हुई। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विद्यालय की वरिष्ठ शिक्षिका सुनीता जयप्रकाश, पुलिस निरीक्षक पगारे और पुलिस निरीक्षक अमोल पाटिल ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया और राष्ट्रध्वज को सलामी दी।


इस अवसर पर लोकमान्य तिलक हाई स्कूल के उपाध्यक्ष लक्ष्मीशा सालियन, महासचिव सुभाष मराठे निमगांवकर, समिति सदस्य जोसेफ एलेक्स, माध्यमिक विभाग की मुख्याध्यापिका श्रीमती तसनीम खुर्शीद, प्राथमिक विभाग की मुख्याध्यापिका कुमुद गडले सहित विद्यालय के शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। तिलक नगर पुलिस थाने के अधिकारी और कर्मचारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता फैलाने और युवाओं को नशे से दूर रखने का संकल्प लिया। साथ ही विद्यालय परिसर को नशामुक्त रखने तथा समाज में तेजी से फैल रही नशे की समस्या को जड़ से समाप्त करने के लिए सामूहिक रूप से प्रयास करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में यह संदेश प्रमुखता से दिया गया कि देश की युवा पीढ़ी को नशे से बचाना समाज और राष्ट्र की सामूहिक जिम्मेदारी है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लिया गया यह संकल्प विद्यार्थियों में स्वस्थ जीवनशैली, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना गया।


