मुंबई वार्ता संवाददाता

हिंदी पखवाड़े के अवसर पर सांस्कृतिक कार्य विभाग, महाराष्ट्र शासन के अधीन महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी, लक्ष्य फाउंडेशन और शेठ एन.के.टी.टी. जूनियर कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में शेठ एन.के.टी.टी. सभागार में ‘बाल अभिव्यक्ति’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के लिए निबंध लेखन, काव्यपाठ और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें 75 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।


प्रतियोगिताओं में सफल विद्यार्थियों को पुरस्कार राशि के साथ पुस्तकें और प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. दामोदर खड़से उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में आनंद सिंह, सुप्रसिद्ध हास्य कवि एवं मंच संचालक सुरेश मिश्र, डॉ. जितेंद्र पांडेय, शेठ एन.के.टी.टी. जूनियर कॉलेज की प्राचार्या मनीषा ठक्कर तथा राजेंद्र चव्हाण शामिल रहे। प्रतियोगिताओं में ओमप्रकाश तिवारी और प्रो. अंजनी कुमार द्विवेदी ने निर्णायक की भूमिका निभाई।


विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए डॉ. दामोदर खड़से ने कहा कि “हिंदी भाषा भारत की आत्मा एवं राष्ट्रीय एकता का सूत्र है।” उन्होंने विद्यार्थियों को हिंदी भाषा के महत्व और उसके व्यापक स्वरूप से परिचित कराया।
विशिष्ट अतिथि आनंद सिंह ने विद्यार्थियों को भाषण कला, उच्चारण कौशल और प्रभावी अभिव्यक्ति की बारीकियों के बारे में जानकारी दी। वहीं, डॉ. जितेंद्र पांडेय ने हिंदी भाषा के माध्यम से उपलब्ध रोजगार के विभिन्न अवसरों के बारे में विद्यार्थियों को मार्गदर्शन दिया।
सुप्रसिद्ध हास्य कवि सुरेश मिश्र ने अपनी हास्य कविताओं की प्रस्तुति से विद्यार्थियों, शिक्षकों और उपस्थित जनसमूह का मनोरंजन किया। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए लक्ष्य फाउंडेशन के कार्यक्रम संयोजक एडवोकेट राजीव मिश्र ने बताया कि अकादमी के सहयोग से इस तरह के आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों को हिंदी भाषा के उत्थान, संवर्धन और प्रचार-प्रसार के लिए नए अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
कार्यक्रम का संचालन हिंदी विभाग की प्राध्यापिकाओं प्रतिभा पाटील और ललिता नारखेडे ने किया। कार्यक्रम के समापन पर महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी के सचिव सचिन निम्बालकर ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और कॉलेज प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।


