श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

मनोज कुमार शर्मा, जिनकी संघर्षपूर्ण जीवन यात्रा पर आधारित फिल्म 12वीं फेल देशभर में चर्चित हुई थी, उन्हें मुंबई पुलिस में नया संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) नियुक्त किया गया है। वर्ष 2005 बैच के आईपीएस अधिकारी शर्मा इससे पहले महाराष्ट्र राज्य के विधि एवं सुव्यवस्था विभाग में कार्यरत थे।


नई जिम्मेदारी के तहत वे देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग व्यवस्था की कमान संभालेंगे। इससे पहले वे मुंबई में पुलिस उपायुक्त (जोन-1) और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (पश्चिम क्षेत्र) जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी कार्य कर चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने Central Industrial Security Force (CISF) में भी सेवाएं दी हैं।


मनोज कुमार शर्मा राष्ट्रीय स्तर पर तब सुर्खियों में आए थे, जब उनकी कठिन परिस्थितियों से निकलकर आईपीएस अधिकारी बनने की कहानी को फिल्म ‘12वीं फेल’ में दिखाया गया। फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से व्यापक सराहना मिली थी।
यह नियुक्ति महाराष्ट्र गृह विभाग द्वारा किए गए बड़े प्रशासनिक फेरबदल का हिस्सा है। महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम 1951 के तहत राज्यभर में 50 से अधिक आईपीएस अधिकारियों के तबादले और पदस्थापन किए गए हैं। सरकार का उद्देश्य कानून-व्यवस्था को और मजबूत करना तथा प्रशासनिक कार्यक्षमता बढ़ाना बताया गया है।
निवर्तमान अधिकारी सत्यनारायण चौधरी का तबादला ट्रैफिक विभाग में किया गया।


