मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई के चुनाभट्टी इलाके में एक पालतू इंडी कुत्ते को कथित तौर पर 24 घंटे घर के बाहर जंजीर से बांधकर रखने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद PAL वेलफेयर फाउंडेशन की टीम ने चुनाभट्टी पुलिस के साथ मिलकर मामले की जांच की।


PAL टीम के सार्थक चौगुले और जानकी सोनी ने मौके पर पहुंचकर कुत्ते की स्थिति का जायजा लिया। टीम के अनुसार, कुत्ते को लगातार जंजीर से बांधकर रखने और उसकी बुनियादी देखभाल को लेकर गंभीर चिंताएं सामने आईं।


इस मामले में पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 11(1)(g) और 11(1)(h) के तहत एन.सी. शिकायत दर्ज की गई है। इसके बाद कुत्ते के मालिक को जिम्मेदार पालतू पशु देखभाल के संबंध में समझाया गया।
मामले को चुनाभट्टी पुलिस थाने ले जाया गया, जहां लेडी PSI अंकिता पवार ने मालिक को सख्त चेतावनी देते हुए कुत्ते के लिए पर्याप्त भोजन, स्वच्छ पानी, उचित आश्रय और समुचित देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
PAL वेलफेयर फाउंडेशन के अनुसार, टीम इस मामले पर लगातार नजर रखेगी और कुत्ते की स्थिति में सुधार सुनिश्चित करने के लिए आगे भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
PAL वेलफेयर फाउंडेशन ने पशु कल्याण के मामले में त्वरित प्रतिक्रिया देने के लिए चुनाभट्टी पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया है।
मामले में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सुधीर कुडालकर और PAL के एनिमल राइट्स एडवाइजर संदीप कुडतारकर के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई।


