■ महायुति के रूप में चुनाव लड़ने के संकेत.
मुंबई वार्ता संवाददाता

राज्य की 29 महानगरपालिकाओं के आगामी चुनावों को लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) ने समन्वयकों, शहर अध्यक्षों और जिला अध्यक्षों की समीक्षा बैठक आयोजित की। यह जानकारी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुनील तटकरे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।


बैठक में विदर्भ, मराठवाड़ा, उत्तर महाराष्ट्र, पश्चिम महाराष्ट्र और मुंबई-ठाणे क्षेत्र की प्रमुख महानगरपालिकाओं के पदाधिकारी उपस्थित रहे। इसमें राजनीतिक स्थिति की समीक्षा, सहयोगी दलों के साथ हुई चर्चाओं और महायुति के रूप में चुनाव लड़ने की रणनीति पर विचार किया गया।
सुनील तटकरे ने बताया कि आज रात राष्ट्रीय अध्यक्ष अजितदादा पवार के साथ बैठक प्रस्तावित है, साथ ही मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से भी चर्चा की संभावना है। इन बैठकों के बाद 29 महानगरपालिकाओं के चुनाव महायुति के रूप में लड़ने को लेकर अंतिम नीति तय की जा सकती है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक महानगरपालिका की राजनीतिक स्थिति अलग है और कार्यकर्ताओं की भावनाओं का सम्मान करते हुए निर्णय लिया जाएगा, लेकिन एनसीपी महायुति के तहत चुनाव लड़ने के पक्ष में है।



Nice